नवाब मलिक को लेकर महायुति में दो फाड़, शिवसेना ने उतारा उम्मीदवार, बीजेपी का सुरेश पाटिल को समर्थन

नवाब मलिक की उम्मीदवारी को लेकर चल रहा विवाद अब भी खत्म नहीं हुआ है। नवाब मलिक के खिलाफ एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने सुरेश पाटिल को टिकट दिया है। बीजेपी ने पाटिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है।
नवाब मलिक को लेकर महायुति में दो फाड़, शिवसेना ने उतारा उम्मीदवार, बीजेपी का सुरेश पाटील को समर्थन
(डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

मुंबई: नवाब मलिक की उम्मीदवारी को लेकर चल रहा विवाद अब भी खत्म नहीं हुआ है। बीजेपी के विराेध को के बावजूद अजित पवार की एनसीपी ने मानखुर्द शिवाजी नगर विधानसभा सीट से नवाब मलिक को उम्मीदवारी दे दी। इसके खिलाफ महायुति में शामिल एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने सुरेश पाटिल को टिकट दिया है। इसके बाद बीजेपी ने सुरेश पाटिल का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है।

नवाब मलिक की उम्मीदवारी को लेकर मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार ने कहा कि "इस मुद्दे पर बीजेपी का रुख बिल्कुल साफ है। हमारा मानना ​​है कि महायुति में शामिल सभी सहयोगियों को अपने उम्मीदवार घोषित करने का अधिकार है, जिसे वे चाहें टिकट दे सकती है।

आशीष शेलार ने बीजेपी रुख किया साफ

आशीष शेलार ने कहा कि "लेकिन यहां सवाल एनसीपी के अधिकृत उम्मीदवार नवाब मलिक का है, जिन्हें टिकट दिया गया है। हमने बार-बार दाऊद इब्राहिम और उससे जुड़े लोगों के बारे में अपना रुख साफ किया है। यह बात देवेंद्र फडणवीस ने पहले ही कही है और अब मैं भी यही कह रहा हूं। इसलिए, नवाब मलिक के लिए प्रचार करने का सवाल ही नहीं उठता।"

सना मलिक महायुति की उम्मीदवार

वहीं नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को लेकर आशीष शेलार ने कहा कि "सना मलिक महायुति की उम्मीदवार हैं, इसलिए उनका समर्थन किया जाएगा। हमारा मानना ​​है कि किसी के खिलाफ कुछ नहीं है, तो ऐसा ही होना चाहिए और महायुति का हर उम्मीदवार भाजपा का उम्मीदवार है।"

बता दें कि नवाब मलिक की बेटी सना मलिक को अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने अणुशक्ति नगर से उम्मीदवार बनाया है। एनसीपी के साथ महायुति में शामिल बीजेपी और शिवसेना ने सना मलिक की उम्मीदवारी का समर्थन किया है।

नवाब मलिक ने दाखिल किया नामांकन

गौरतलब है कि बीजेपी के विराेध के कारण एनसीपी ने नवाब मलिक की उम्मीदवारी की घोषणा नहीं की थी। मंगलवार को नवाब मलिक ने मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से दो नामांकन दाखिल कर दिए थे। एक एनसीपी के उम्मीदवार के तौर पर तो एक निर्दलीय, लेकिन नामांकन दाखिल करने के बाद एनसीपी ने नवाब मलिक की उम्मीदवारी का ऐलान कर दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com