

Tamil Nadu BJP Candidate List: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने शुक्रवार को अपने गठबंधन में शामिल 27 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री और पूर्व राज्यपाल जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं। हालांकि, इस सूची में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई का नाम नहीं है।
पिछले विधानसभा चुनाव में तमिलनाडु की राजनीति में बीजेपी की उम्मीदें बढ़ाने वाले अन्नामलाई को चुनावी मैदान से दूर रखना पार्टी की रणनीति में चौंकाने वाला कदम माना जा रहा है। भाजपा का कहना है कि अन्नामलाई की भूमिका संगठन और चुनाव प्रचार में काफी व्यापक होगी। वहीं, अन्नामलाई को चुनाव से बाहर रखने के पीछे एआईएडीएमके के साथ उनके तनावपूर्ण रिश्तों को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी की लिस्ट में 27 नाम शामिल हैं। साथ ही इसमें कई प्रमुख नाम भी हैं जिससे चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसमें पूर्व गवर्नर तमिलिसाई को भी मैदान में उतारा गया है, जबकि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर उत्तर सीट से टिकट मिला है। दिलचस्प बात यह है कि वह पहले से ही इसी निर्वाचन क्षेत्र की मौजूदा विधायक हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची के जारी होने के बाद तमिलनाडु में चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, और राजनीतिक समीकरण बदलते हुए नज़र आ रहे हैं।
तमिलनाडु में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं, जिनके लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है। राज्य में अपनी राजनीतिक पहचान मजबूत करने की कोशिश में बीजेपी, एआईएडीएमके की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा है। इस गठबंधन में बीजेपी को 27 सीटें मिली हैं।
इस बार भारतीय जनता पार्टी ने संख्या से ज्यादा रणनीतिक महत्व वाली सीटों पर ध्यान केंद्रित किया है जहां उसके जीतने की बेहतर संभावनाएं हैं। गौरतलब है कि पिछले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2021 में बीजेपी ने तमिलनाडु की केवल 20 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।