अराजकता और घुसपैठ...अमित शाह ने जारी किया ममता सरकार के 15 साल का 'काला चिट्ठा'! चुनाव में जीत का किया दावा

Bengal Assembly Election: अमित शाह के बंगाल दौरे के बीच बीजेपी ने ममता सरकार के 15 साल के शासन पर आरोपपत्र जारी किया। इसमें भ्रष्टाचार और सिंडिकेट राज समेत 14 मुद्दों पर अभिषेक बनर्जी को भी घेरा गया।
amit shah in west bengal
अमित शाह (Image- Social Media)
Updated on

Amit Shah West Bengal Visit: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को एक आरोपपत्र जारी किया, जिसमें ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार के 15 वर्षों के शासन पर सवाल उठाए गए हैं। इस रिपोर्ट में अभिषेक बनर्जी का नाम भी शामिल है।

इस आरोपपत्र में कुल 14 प्रमुख मुद्दों को उठाया गया है, जिनमें भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ अपराध, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले और उद्योगों के पतन जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, किसानों की समस्याएं, बंगाली संस्कृति के क्षरण, उत्तर बंगाल की उपेक्षा, चाय बागान श्रमिकों की स्थिति, कोलकाता की हालात और तथाकथित “सिंडिकेट राज” जैसे मुद्दों पर भी फोकस किया गया है।

ममता बनर्जी करती हैं विक्टिम कार्ड की राजनीति

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ 14 आरोपों वाली चार्जशीट जारी की और इस दौरान टीएमसी सरकार पर तीखा हमला बोला। अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी “विक्टिम कार्ड” की राजनीति करती हैं, लेकिन अब यह ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाना और उसे गाली देना सिर्फ वही कर सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में लगातार अपनी पकड़ मजबूत की है और कार्यकर्ताओं ने जनता तक अपना संदेश पहुंचाया है। शाह के मुताबिक, अब जनता बदलाव के लिए तैयार है।

यह “भय से मुक्ति” का चुनाव

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह “भय से मुक्ति” का चुनाव है। उन्होंने आशंका जताई कि लोगों में यह डर है कि वे अपनी ही जमीन पर अल्पसंख्यक न बन जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा तृणमूल सरकार की “अराजकता” को जनता के सामने लाएगी।

शाह ने यह भी कहा कि यह चार्जशीट किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि 15 साल के शासन के दौरान उठे जन मुद्दों पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में ममता सरकार के दौरान भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव की राजनीति हावी रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com