

Amit Shah West Bengal Speech: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बंपर मतदान हुआ है। कुछ जगहों पर हिसंक घटनाएं हुईं, लेकिन ये संख्या पिछले चुनावों की अपेक्षा बहुत कम है। इस बीच गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दीदी के गुंडे को कहकर जाना चाहता हूं कि दूसरे चरण के मतदान के वक्त भी घर से बाहर मत निकलना, वरना उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह उत्तर 24 परगना जिले में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पहले चरण में दीदी के गुंडे घर से बाहर नहीं निकले, और मैं दीदी के गुंडों को कहकर जाना चाहता हूं कि दूसरे चरण में भी घर से बाहर मत निकलना वरना चार तारीख के बाद उल्टा लटका कर सीधा कर दूंगा।
गृह मंत्री का यह बयान उनके सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यमग्राम विधानसभा वासी संदेशखाली में महिलाओं के साथ अत्याचार भूले नहीं हैं। गृह मंत्री अमित शाह मध्यमग्राम में एक रोड शो कर रहे थे और इसके बाद एकत्रित भीड़ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भारी भीड़ देखने को मिली।
बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने जानकारी दी कि तमिलनाडु में विधानसभा चुनावों और पश्चिम बंगाल में मतदान के पहले चरण में मतदाताओं ने रिकॉर्ड-तोड़ भागीदारी देखने को मिली है। आजादी के बाद से भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक अहम पड़ाव को रेखांकित किया है।
बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर वोट डाले गए। रात 10 बजे तक पश्चिम बंगाल में 92.66 प्रतिशत और तमिलनाडु में 85.14 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ चुका है। -एजेंसी इनपुट के साथ