बंगाल चुनाव: ममता के समर्थन में अखिलेश यादव, सोशल मीडिया के जरिए दिया नारा; लिखा- दीदी हैं, दीदी रहेंगी

Bengal Assembly Election: अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ममता बनर्जी का समर्थन किया। साथ ही उन्होंने 'दीदी हैं, दीदी रहेंगी' का नारा भी दिया।
Bengal Assembly Election
अखिलेश यादव (सोर्स- डिजाइन इमेज)
Updated on

Akhilesh Yadav Support Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी का असर अब उत्तर प्रदेश तक दिखाई देने लगा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की हार का दावा करते हुए ममता बनर्जी का समर्थन किया है। अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि 'दीदी हैं, दीदी रहेंगी'। इस पोस्ट के साथ उन्होंने एक अखबार की कटिंग भी शेयर की, जिसमें पश्चिम बंगाल में 173 पुलिस अधिकारियों और 83 बीडीओ के तबादले की खबर थी।

अपने पोस्ट में उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अपनी 'सम्मानजनक हार' की तैयारी कर रही है और बंगाल में बुरी तरह हारने वाली है। अखिलेश यादव लगातार तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी के समर्थन में बयान दे रहे हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिया नारा

अखिलेश यादव की पोस्ट की चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि 'दीदी हैं, दीदी रहेंगी'। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी के समर्थन में कोई पोस्ट किया हो बल्कि सपा सुप्रीमो ने इससे पहले भी कई बार सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी का समर्थन दिखाया है।

ममता का समर्थन और भाजपा पर साधा निशाना

अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव तंज भरे अंदाज में भारतीय जनता पार्टी पर तीन पॉइंट्स में निशाना साधते हैं। अखिलेश लिखते हैं कि सीधी बात : भाजपा बंगाल बुरी तरह हार रही है। विशिष्ट बात : पश्चिम बंगाल में भाजपा की स्थिति दिन-पर-दिन बद से बदतर होती जा रही है। ऐसा पहली बार देखा जा रहा है कि भाजपा सम्मानजनक हार के लिए अपनी व्यवस्था कर रही है। यही इस चुनाव की विशिष्टता है। ये तबादले नहीं, चुनावी हेराफेरी है। निष्कर्ष : भाजपा जिस बड़ी संख्या में बंगाल में पुलिस अधिकारियों और बीडीओ को बदल रही है, उससे ये बात साबित होती है कि बंगाल में भाजपा का मुँह मीठा नहीं होगा।

चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना

अपने इस पोस्ट में अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग द्वारा बंगाल में बड़े पैमाने पर पुलिस और बाकी अधिकारियों के तबादले पर प्रतिक्रिया देते हुए भी लिखा है। इससे पहले भी वह चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठा चुके हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com