दिल्ली में चोरों के कारण रेंगने लगी मेट्रो, एयरपोर्ट एक्सप्रेस रूट पर 25 KMH की स्पीड से चली

Delhi Metro Airport Line: दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस की रफ्तार चोरों ने धीमी कर दी है। चोरी के उद्देश्य से सिग्नल केबल को काटा गया है, जिसके कारण मेट्रो की आवाजाही प्रभावित हुई है।
Thieves halt Delhi Metro, running at 25 kmph on Airport Express route
दिल्ली एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन मेट्रो।
Published on
Updated on

Delhi Metro News: दिल्ली में चोरों ने मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की स्पीड पर ब्रेक लगा दिया है। इस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। दिल्ली मेट्रो ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि चोरी की नीयत से कुछ अराजक तत्वों द्वारा सिग्नल केबल काट दिए जाने के कारण इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।

डीएमआरसी के मुताबिक ट्रेन 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल रही। बता दें, एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन यशोभूमि द्वारका सेक्टर-25 से नई दिल्ली तक चलती है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के मुताबिक घटना 11 जनवरी की सुबह की है। धौला कुंआ और शिवाजी मेट्रो स्टेशन के बीच के मिड-सेक्शन में कुछ बदमाशों ने चोरी के उद्देश्य से सिग्नलिंग सिस्टम के केबल काटे।

800 मीटर सिग्नलिंग केबल को नुकसान

जांच में पता चला है कि 800 मीटर लंबी सिग्नलिंग केबल को नुकसान पहुंचाया है। चोर कटी केबल को ले जाने में नाकाम रहे। इंसपेक्शन के दौरान केबल के टुकड़े मेट्रो पिलर नंबर 9 के पास मिले। मेट्रो केबल कटने से इस सेक्शन का ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम बाधित हो गया। सुरक्षा कारणों से धौला कुंआ से शिवाजी स्टेडियम, अप लाइन-नई दिल्ली की ओर मेट्रो की स्पीड को लिमिटेड किया है।

हर 10 मिनट में चलती है मेट्रो

दिल्ली मेट्रो के मुताबिक प्रभावित सेक्शन के हिस्से में ट्रेनें 25 किलोमीटर प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से चली। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के बाकी हिस्सों पर सर्विस नॉर्मल है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर हर 10 मिनट में मेट्रो चलती है। दिल्ली मेट्रो के मुताबिक दिन में मरम्मत करने से यात्रियों को असुविधा हो सकती है। सुविधाएं पूरी तरह रोकनी पड़ सकती है। DMRC ने यात्री सुविधा के मद्देनजर टूटी केबलों को बदलने का काम रात में मेट्रो सर्विस खत्म होने के बाद किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो ने दिन में जरूरी तैयारी शुरू कर दी है।

अतिरिक्त समय लेकर चलें

डीएमआरसी स्टेशनों और ट्रेन में घोषणाएं कर यात्रियों को ट्रेन के धीमा चलने के बारे में जानकारी दे रही है। यात्रियों को दिल्ली मेट्रो ने सलाह दी है कि वह अपनी यात्रा योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलें, क्योंकि सफर में देरी हो सकती है। मेट्रो ने घटना पर गहरा खेद जताया है। उन्होंने कहा कि ऐसी चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कानून और जांच एजेंसियों के संपर्क में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com