नीट के दबाव में बुझती जिंदगी! एक और छात्रा ने किया सुसाइड, दिल्ली में NEET एग्जाम की कर रही थी तैयारी

NEET Exam 2026: NEET परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों की मानसिक सेहत को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। अब तक NEET से जुड़े 14 छात्रों की आत्महत्या के बाद अलवर के छात्रा की आत्महत्या का मामला सामने आया है
Student's death amid NEET exam Controversies
रेणु मीणा (फाइल फोटो)
Published on: 
Updated on: 

NEET Exam Student Suicide: नीट परीक्षा से जुड़े विवाद और पेपर लीक के आरोपों के बीच राजधानी दिल्ली के पालम इलाके में NEET परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा की कथित तौर पर आत्महत्या का मामला सामने आया है जिसके बाद एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते दबाव और छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक छात्रा ने 3 मई को नीट परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने को लेकर तनाव में थी। इस साल अब तक NEET से जुड़े 14 छात्र आत्महत्या के मामले सामने आ चुके हैं।

घटना के समय घर पर अकेली छात्रा

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 13 जून को रेणु के पिता अपने ससुर की मौत के बाद ससुराल गए हुई थे। घटना के समय छात्रा रेणु घर में अकेली थी। बताया जा रहा है कि 13 जून की शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मौके से उसका एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसके बाद उसकी मानसिक परेशानी का पता चला।

माता-पिता से मांगी माफी

जानकारी के मुताबिक छात्रा ने सुसाइड नोट अपने माता-पिता से माफी मांगी है और लिखा कि वह उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। रेणु का परिवार मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है।

आत्महत्या का यह दूसरा मामला

बता दें कि इस हफ्ते की शुरुआत में राजस्थान के सीकर जिले में NEET की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। छात्र का नाम उमेश माली था। वह नीट परीक्षा के अपने तीसरे प्रयास की तैयारी कर रहा था। नीट परीक्षा 21 जून को होनी है। नीट की तैयारी कर रहे छात्र की आत्महत्या का यह दूसरा मामला था।

सांसद हनुमान बेनीवाल सरकार पर उठाए सवाल

बता दें कि इस दुखद मामले को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि नीट जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने और परीक्षा प्रक्रियाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं का सीधा असर देश भर के लाखों मेहनती छात्रों पर पड़ रहा है।

उन पर असाधारण मानसिक दबाव बढ़ा है। सांसद ने कहा कि सालों तक कठिन परिश्रम करने के बाद जब परीक्षा की पारदर्शिता पर ही सवाल उठने लगे है तो ऐसी स्थिति में युवाओं में असुरक्षा और घोर निराशा का माहौल पैदा होगा ही।

अब तक 14 छात्रों ने की आत्महत्या

परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा की तैयारी करनी पड़ रही है। इसी बीच NEET से जुड़े आत्महत्या के मामलों की एक रिपोर्ट ने सभी की चिंता बढ़ा दी है। एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2026 में अब तक NEET परीक्षा से जुड़े कम से कम 14 छात्रों के आत्महत्या का मामला सामने आया है। इनमें से 5 मामले परीक्षा रद्द होने की घोषणा के बाद दर्ज हुए है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com