

Abhijeet Dipke Jantar Mantar Protest: दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा है। 20 जुलाई को इस प्रदर्शन को एक महीना पूरा हो जाएगा। इसी के साथ ही 20 जुलाई संसद तक मार्च किया जाएगा। इस मार्च से पहले ही दिल्ली पुलिस द्वारा एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर से स्वास्थ्य का हवाला देकर अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया है। अब इस मार्च का पूरा नेतृत्व पूरी तरह से अभिजीत दीपके कर रहे है।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को आमरन अनशन का ऐलान किया था। आज अनशन के दूसरे दिन उन्होंने भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक समेत सभी छात्रों को सलाम किया। उन्होंने बताया कि दो दिन में ही उनकी हालत खराब हो गई है।
अभिजीत दीपके ने अनशन के दूसरे दिन कहा, "मेरी भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है। अब मुझे पता चला है कि यह कितना मुश्किल है। मैं सोनम सर और यहां भूख हड़ताल कर रहे छात्रों को सलाम करता हूं। मैं कल होने वाले मार्च के लिए अपनी ऊर्जा बचा रहा हूं।"
अभिजीत दीपके ने सभी जनता से 20 जुलाई के मार्च में शामिल होने की अपील की और बताया कि वह मार्च के लिए अफनी ऊर्जा बचा रहे है। इस दौरान सोनम वांगचुक ने भी अस्पताल में अपना अनशन जारी रखा है। सोनम वांगचुक की ओर से उनकी पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो उनके संदेश जनता तक पहुंचा रही है।
सोनम वांगचुक के सोशल मीडिया अकाउंट पर डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने एक संदेश लिखा है। इस संदेश में लिखा है कि 20 जुलाई को आजादी का दूसरा आंदोलन होगा।
https://twitter.com/Wangchuk66/status/2078688447859159521
इस आंदोलन का शीर्षक होगा "भय मुक्त भारत, अन्याय मुक्त भारत।" भय-मुक्त भारत का अर्थ है गैर-कानूनी हिरासत के डर से मुक्ति, और अन्याय से मुक्ति का मतलब है पेपर लीक जैसी नाइंसाफियों से छुटकारा पाना। सोनम वांगचुक ने जनता से अपील की है वे भारत की दूसरी आजादी के इस आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाए। उन्होंने सफदरजंग में अपनी भर्ती को गैर-कानूनी हिरासत बताया।
आपको जानकारी दें, कि आज एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने उन्हें सफदरजंग अस्पताल से किसी प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट करने की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि दिल्ली पुलिस कथित तौर पर वांगचुक को जंतर-मंतर पर उनकी भूख हड़ताल वाली जगह से ले गई और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
आंग्मो ने सफदरजंग अस्पताल में हो रहे इलाज पर भरोसा न होने की बात कही है और इस मामले पर आज ही तत्काल सुनवाई की मांग की है। उनकी याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट का अपडेट सामने आया है। दिल्ली हाई कोर्ट आज दोपहर 2:30 बजे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अंग्मो की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करेगा।