Delhi Building Collapse: दिल्ली के सीमापुरी में बिल्डिंग गिरने से हड़कंप मच गया है। हादसे के बाद मौके पर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड और दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है।
खबरों के मुताबिक, ग्राउंड प्लस तीन मंजिल वाली इमारत का हिस्सा गिरा है। इमारत के मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है और बचाव टीम मलबे को हटाने में जुटी है। फिलहाल कितने लोग मलबे में फंसे हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। यह हादसा किस वजह से हुआ, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है।
फायर कंट्रोल रूम को दोपहर 3:31 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। फिलहाल वहां राहत और बचाव कार्य चल रहा है। प्रशासन हालात को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहा है।
दमकल विभाग ने बताया कि मलबे में कुछ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली है। तीन मंजिला इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल बन गया है। बचाव दल मलबे को हटाने और लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में लगा हुआ है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि एक बहुमंजिला इमारत गिरने के कारण सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक बाधित हुआ है। पुलिस ने जनता से अनुरोध किया है कि वे हादसे वाली जगह के पास रुकने, वाहन खड़ा करने या भीड़ जमा करने से बचें, ताकि राहत और बचाव कार्य में लगे वाहनों और एंबुलेंस को मौके तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो।
खबर अपडेट की जा रही है...