DU में वोटिंग से पहले नॉर्थ कैंपस में हिंसक झड़प, एक छात्र घायल, सुरक्षा में पैरामिलिट्री फोर्स तैनात

DUSU Election Clash: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के प्रचार के दौरान कई परिसरों में छात्र गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए तथा पुलिस बल तैनात किया गया है।
DUSU Election Clash In DU
DU में हिंसक झड़प(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

DUSU Election Clash In DU: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2026 के मतदान से ठीक पहले परिसरों में चुनावी हिंसा भड़क उठी है। यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस, सत्यवती कॉलेज और लॉ सेंटर के बाहर विरोधी छात्र गुटों के बीच हिंसक झड़पें हुई हैं।

झड़पों के दौरान लात घूंसे और डंडे चलने से कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए तथा गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त मिली हैं। घटनाओं की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे कैंपस में भारी पुलिस बल और पैरामिलिट्री जवानों को तैनात कर दिया गया है।

नॉर्थ कैंपस में आर्ट्स फैकल्टी के पास मारपीट

डूसू चुनाव प्रचार के दौरान नॉर्थ कैंपस की आर्ट्स फैकल्टी के गेट नंबर 4 के पास दो विरोधी छात्र गुटों में कहासुनी हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और डंडे चलने लगे। मारपीट के बीच कैंपस में पर्चे उड़ते रहे और नारेबाजी होती रही।

घटना के कारण वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। झड़प में एक छात्र गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, CCTV फुटेज की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही उत्तरी जिले की DCP निहारिका भट्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

आर्ट्स फैकल्टी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने भी पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

सत्यवती कॉलेज के बाहर दो छात्र गुटों में विवाद

15 सितंबर को भारत नगर के वजीरपुर गांव के पास सत्यवती कॉलेज के बाहर भी चुनाव प्रचार के दौरान मारपीट की घटना सामने आई। 19 वर्षीय छात्र अंश और भविष्य चौधरी के गुटों के बीच विवाद हुआ। मौके पर पुलिस को दो क्षतिग्रस्त वाहन मिले।

दोनों घायल छात्रों को इलाज के लिए दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके मेडिकल लीगल केस यानी MLC तैयार किए गए।

क्राइम टीम और FSL ने जुटाए साक्ष्य

घटना के बाद पुलिस के साथ क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों सहित मौके से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने जुटाए। झड़प के दौरान फायरिंग की सूचना की भी जांच की जा रही है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट समेत उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।

लॉ सेंटर के बाहर ABVP कार्यकर्ता घायल

दिल्ली यूनिवर्सिटी के लॉ सेंटर 1 के बाहर भी चुनाव प्रचार के दौरान मारपीट हुई। इस घटना में ABVP के एक कार्यकर्ता के सिर में चोट लगने की बात सामने आई है।

ABVP ने आरोप लगाया कि NSUI कार्यकर्ताओं ने हमला किया। संगठन ने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान जानबूझकर विश्वविद्यालय का माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

DUSU Election Clash In DU
UPI फीस को लेकर सियासत तेज, राहुल ने इंदिरा गांधी का नाम लेकर सरकार को लताड़ा, बोले- ट्रंप के सामने झुके PM

शिक्षक से बदसलूकी के विरोध में DUTA का प्रदर्शन

मोतीलाल नेहरू इवनिंग कॉलेज में भी डूसू चुनाव प्रचार के दौरान एक शिक्षक से कथित बदसलूकी का मामला सामने आया। शिक्षक से मारपीट और अभद्रता के विरोध में कॉलेज के शिक्षकों ने धरना देकर कार्रवाई की मांग की।

दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन यानी DUTA ने चुनाव प्रचार के दौरान शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार पर नाराजगी जताई है। डीयू प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए कॉलेजों में सुरक्षा इंतजाम और निगरानी बढ़ा दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com