Delhi Weather: राजधानी में बदला मौसम का मिजाज, झमाझम बारिश के साथ-साथ गिरे ओले; लोगों को मिली गर्मी से राहत
Delhi Weather: फिलहाल, दिल्लीवासियों के लिए यह वीकेंड राहत भरा रहने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती है।
- Written By: मनोज आर्या
दिल्ली के इंडिया गेट पर बारिश का मजा लेते लोग, (सोर्स- IANS)
Delhi Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के शहरो- नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में शुक्रवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से ही उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को दोपहर बाद राहत मिली, जब आसमान में काले घने बादलों ने डेरा डाल दिया। देखते ही देखते धूल भरी आंधी के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। दिल्ली के लुटियंस जोन, आरके पुरम, धौलाकुआं और पालम जैसे इलाकों में बारिश के साथ बड़े आकार के ओले भी गिरे।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में यह बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है और अगले 24 से 48 घंटों तक रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। अचानक हुई इस ओलावृष्टि से अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे शाम के समय हल्की सिहरन महसूस की जा रही है।
तेज बारिश से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम
तेज बारिश और ओलावृष्टि का सीधा असर दिल्ली की रफ्तार पर पड़ा है। धौलाकुआं, आईटीओ और रिंग रोड जैसे व्यस्त इलाकों में जलभराव और कम दृश्यता के कारण लंबा ट्रैफिक जाम देखा गया। ओलों की वजह से दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई लोग फ्लाईओवर के नीचे शरण लेते नजर आए। दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर वाहन चालकों को सावधानी बरतने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी है।
सम्बंधित ख़बरें
दिल्ली के रोहिणी में भरभराकर गिरी इमारत से निकले शव, 3 लोगों की दर्दनाक मौत, चश्मदीदों ने बयां किया हादसा
दिल्ली के रोहिणी में भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत, कई लोग मलबे में दबे, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटा प्रशासन
650 करोड़ के कथित घोटाले पर गरमाई दिल्ली की सियासत, AAP ने CM से मांगा इस्तीफा
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिल्ली जिमखाना क्लब मामले में केंद्र सरकार से मांगा जवाब
किसानों के लिए यह आफत की बारिश
जहां दिल्ली (Delhi Weather) के शहरी इलाकों के लिए यह मौसम सुहावना है, वहीं ग्रामीण इलाकों और दिल्ली से सटे हरियाणा-यूपी के किसानों के लिए यह ‘आफत की बारिश’ साबित हो सकती है। खेतों में खड़ी फसलों के लिए बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि काफी नुकसानदायक मानी जा रही है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ओलों की तीव्रता अधिक रही, तो तैयार फसलों को भारी नुकसान पहुंच सकता है।
यह भी पढ़ें: Raghav Chadha: क्या कांग्रेस ज्वाइन करने वाले हैं राघव चड्ढा? अलका लांबा ने कर दिया ये बड़ा दावा
शनिवार के लिए IMD का अलर्ट जारी
फिलहाल, दिल्लीवासियों के लिए यह वीकेंड राहत भरा रहने वाला है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी।
