सत्य निकेतन में MCD का बड़ा एक्शन, 24 पर चला बुलडोजर, 7 बिल्डिंग्स सील, 35 को भेजा नोटिस

MCD Sealing Action: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद MCD ने अवैध निर्माणों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की है।
Delhi MCD Action After Satya Niketan Tragedy
सत्य निकेतन में MCD का एक्शन(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi MCD Action After Satya Niketan Tragedy: दिल्ली के सत्य निकेतन में 6 सितंबर को हुए दर्दनाक इमारत हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण और नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निगम की टीमों ने पिछले दो दिनों में बड़ी संख्या में संपत्तियों की जांच की। इस दौरान 24 अवैध संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई, जबकि 7 संपत्तियों को सील किया गया और 35 शो-कॉज नोटिस जारी किए गए। प्रशासन का फोकस खास तौर पर छात्र PG और हॉस्टलों की सुरक्षा जांच पर है।

सत्य निकेतन में 1100 PG का सुरक्षा सर्वे

हादसे के बाद MCD ने सत्य निकेतन और आसपास के इलाकों में सुरक्षा जांच का अभियान शुरू किया। पिछले दो दिनों में निगम की जांच टीमों ने करीब 1100 PG और छात्र हॉस्टलों का सर्वे किया है।

DU साउथ कैंपस के नजदीक स्थित यह इलाका बड़ी संख्या में छात्रों के रहने के कारण प्रमुख छात्र केंद्र माना जाता है। निगम के मुताबिक, इन PG में लगभग 20,250 छात्र रह रहे हैं। ऐसे में इमारतों की संरचनात्मक सुरक्षा और नियमों के पालन की जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

24 संपत्तियों पर डिमोलिशन की कार्रवाई

सुरक्षा सर्वे के दौरान कई जगहों पर अवैध निर्माण और नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। MCD के अनुसार, पिछले दो दिनों में 24 अवैध संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा 7 ऐसी संपत्तियों को सील किया गया, जहां सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पाए गए। निगम ने 35 शो-कॉज नोटिस भी जारी किए हैं। साथ ही 6 सीलिंग शो-कॉज नोटिस और 27 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण के अंतिम आदेश जारी किए गए।

हादसे से सटी जर्जर इमारत भी होगी ध्वस्त

सत्य निकेतन में जिस इमारत के गिरने से हादसा हुआ, उसके पास मौजूद एक कमजोर और जर्जर बहुमंजिला इमारत को भी हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

MCD कमिश्नर संजीव खिरवार के अनुसार, हादसे वाली इमारत से सटी यह बिल्डिंग काफी कमजोर हो चुकी है। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे चरणबद्ध तरीके से गिराने का फैसला लिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, ध्वस्तीकरण का काम अगले एक से दो दिनों में पूरा किया जा सकता है।

तीन महीने में 959 संपत्तियों पर कार्रवाई

MCD ने बताया कि पिछले तीन महीनों से दिल्ली में अनधिकृत निर्माण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उपलब्ध कार्रवाई रिपोर्ट के अनुसार, 1 जून से 31 अगस्त के बीच 959 संपत्तियों के खिलाफ डिमोलिशन कार्रवाई की गई।

वहीं, 1 जून से 8 सितंबर के बीच 471 संपत्तियों को सील किया गया और 1551 अनधिकृत निर्माणों के संबंध में शो-कॉज नोटिस जारी किए गए। इसी अवधि में अवैध निर्माणों को गिराने के लिए 753 डिमोलिशन आदेश भी जारी किए गए।

Delhi MCD Action After Satya Niketan Tragedy
सत्य निकेतन हादसा: छात्रों की मौत के लिए PG हॉस्टल मालिक के साथ MCD भी जिम्मेदार, हाई कोर्ट में आज क्या हुआ?

8 सितंबर को भी जारी रहा बुलडोजर एक्शन

अवैध निर्माणों के खिलाफ MCD का अभियान 8 सितंबर को भी जारी रहा। निगम ने एक ही दिन में 17 अवैध संपत्तियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की और 5 अन्य संपत्तियों को सील किया।

इसके अलावा, अनधिकृत निर्माण के संबंध में 9 शो-कॉज नोटिस और सीलिंग से जुड़े 2 शो-कॉज नोटिस जारी किए गए। सत्य निकेतन हादसे के बाद तेज हुई यह कार्रवाई राजधानी में अवैध निर्माण और छात्र आवासों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की सख्ती को दर्शाती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com