जंतर-मंतर प्रोटेस्ट: पुलिस ने अफवाहों से बचने की दी सलाह, CJP को विपक्षी दलों का मिल रहा समर्थन

Delhi Police: जंतर-मंतर पर जारी CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की है। वहीं, सरकार के साथ बातचीत के बावजूद आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया गया है।
Jantar Mantar Protest: Police advise against rumours, CJP receives support from opposition parties
दिल्ली पुलिस अधिकारी राजीव रंजन (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Delhi Police On Jantar Mantar CJP Protest: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम नागरिकों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एवं जनसंपर्क अधिकारी राजीव रंजन ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से किया जाए और किसी भी प्रकार की गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि से बचा जाए। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कानूनी निर्देशों का पालन करने का भी आग्रह किया।

साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें तथा केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। इस बीच सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों पर चर्चा की। हालांकि संगठन का कहना है कि अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है और उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, जेपी नड्डा ने बातचीत को सकारात्मक बताते हुए प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग की अपील की। प्रदर्शन को कई विपक्षी दलों का समर्थन भी मिल रहा है।

दिल्ली पुलिस ने जारी की अपील

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने एक वीडियो संदेश में कहा कि दिल्ली पुलिस सभी प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील करती है। सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें। किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें।

सोशल मीडिया अफवाहों से सावधान रहने की सलाह

संदेश में आगे कहा गया है कि जनता को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अफवाहों, गलत जानकारी या अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। नागरिकों से अनुरोध है कि वे जानकारी के विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करें और शांति, सद्भाव व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।

जेपी नड्डा से CJP प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के एक प्रतिनिधि मंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सीजेपी की तरफ से कहा गया है कि उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। जब तक ऐसा नहीं होता है, आंदोलन खत्म नहीं होगा।

दूसरी ओर, जेपी नड्डा ने इस मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए कहा कि पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 से ही हमारी बातचीत जारी है। सौहार्दपूर्ण वातावरण में मुलाकात हुई। उनके डेलीगेशन के साथ विस्तार से पहले मौखिक चर्चा हुई और उनके द्वारा लगभग 4 बजे मुझे लिखित याचिका दी गई।

विपक्षी दलों का मिल रहा समर्थन

उन्होंने आगे कहा कि मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें। दूसरी ओर, सीजेपी के विरोध प्रदर्शन को लगातार विपक्षी दलों की ओर से समर्थन मिल रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सरकार से मांग की है कि वे छात्रों के हितों को देखते हुए बात करें। तो वहीं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया और आतिशी भी लगातार विरोध प्रदर्शन में शामिल हो रहे हैं और सीजेपी की मांगों का समर्थन कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com