मालवीय नगर अग्निकांड: CM रेखा गुप्ता ने मुआवजे का किया ऐलान; दिल्ली पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर

Malviya Nagar Fire Compensation: मालवीय नगर अग्निकांड में सीएम रेखा गुप्ता ने मुआवजे का ऐलान किया। आरोपी मालिक लवकेश बजाज और पत्नी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी।
cm rekha gupta Malviya Nagar Fire
सीएम रेखा गुप्ता ने पीड़ितों से की मुलाकात (सौजन्य-IANS)
Published on: 
Updated on: 

CM Rekha Gupta Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज मैक्स अस्पताल पहुंचीं। यहां उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और अस्पताल को उनके बेहतर इलाज के निर्देश दिए। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने इस हादसे में हताहत हुए लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि प्रत्येक हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही दिल्ली सरकार मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके पैतृक निवास तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर रही हैं।

सीएम रेखा गुप्ता ने पीड़ितों से की मुलाकात

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा दिल्ली सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं तथा इस कठिन समय में शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।

विदेश राज्यमंत्री ने भी घायलों से की मुलाकात

इसी दौरान विदेश राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने भी मालवीय नगर अग्निकांड में घायल हुए लोगों (जिनमें विदेशी नागरिक भी शामिल हैं) से मिलने के लिए मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और एम्स का दौरा किया। बता दें कि विदेश मंत्रालय संबंधित दूतावासों के संपर्क में है और आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।

मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि यहां कुल 17 लोग हैं। मैं कह सकता हूं कि हम सभी की प्राथमिकता यह थी कि वे सुरक्षित रहें। जिन देशों से वे आए हैं (चाहे वह केन्या हो, कैमरून हो या बांग्लादेश) हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम उनका ध्यान रखें और उन्हें उचित मेडिकल ट्रीटमेंट दे सकें।

विदेश मंत्रालय को भेजी मृतकों की रिपोर्ट

दिल्ली पुलिस ने मृत विदेशी नागरिकों की सूची विदेश मंत्रालय को भेज दी है, और आगे की कार्रवाई का फैसला मंत्रालय ही करेगा। संबंधित दूतावास, पहचान और DNA प्रोफाइलिंग से जुड़ी अन्य औपचारिकताओं के लिए दिल्ली पुलिस के संपर्क में हैं।

मालवीय नगर अग्निकांड मामले में जांचकर्ताओं ने पाया है कि आग लगने के समय इमारत से बाहर निकलने का छत वाला रास्ता बंद था, जिससे शायद अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर नहीं निकल पाए।

लवकेश बजाज और पत्नी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी

होटल के मालिक लवकेश बजाज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि जय मिश्रा होटल चलाता था। जय मिश्रा अभी भी फरार है। दिल्ली पुलिस ने जय मिश्रा को ढूंढ़ने और गिरफ्तार करने के लिए 5 अलग-अलग टीमें बनाई हैं।

एहतियात के तौर पर, दिल्ली पुलिस ने इमारत के मालिक लवकेश बजाज और उनकी पत्नी के खिलाफ 'लुक आउट सर्कुलर' (LOC) जारी किया है, ताकि उन्हें देश छोड़कर जाने से रोका जा सके। पुलिस एक अहम चश्मदीद गवाह, केसर सिंह की भी तलाश कर रही है। आग लगने की सही वजह का पता लगाने में उसकी गवाही को बहुत जरूरी माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com