दिल्ली में आप और कांग्रेस का गठबंधन क्यों नहीं हुआ? हार के बाद बड़ी वजह आई सामने

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे चिंताजनक हैं लेकिन यह स्पष्ट है कि कोई भी विपक्षी गठबंधन कांग्रेस के बिना अधूरा होगा। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया से एक बात जो उभरकर सामने आई है...
कांग्रेस दिल्ली में आप के साथ गठबंधन के लिए तैयार थी, केजरीवाल ने इनकार कर दिया : कर्रा
अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी
Updated on

श्रीनगर: कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए तैयार थी लेकिन इसके संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इनकार कर दिया। कर्रा ने यहां कहा कि कांग्रेस गठबंधन के लिए हमेशा से तैयार थी लेकिन वह अरविंद केजरीवाल हैं जिन्होंने गठबंधन का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया। वह मिलकर चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं थे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे चिंताजनक हैं लेकिन यह स्पष्ट है कि कोई भी विपक्षी गठबंधन कांग्रेस के बिना अधूरा होगा। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया से एक बात जो उभरकर सामने आई है, वह यह है कि जहां तक ‘​​इंडिया' गठबंधन का सवाल है, मुझे लगता है कि यह सभी घटकों के लिए एक संदेश है कि कांग्रेस के बिना आप कुछ नहीं कर सकते। कांग्रेस नेता ने कहा कि दिल्ली चुनाव का नतीजा केजरीवाल की हार है।

कांग्रेस को नहीं मिली एक भी सीट

दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है और 70 में से 48 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता में वापसी की है। वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि वह सिर्फ 22 सीटों पर ही सिमट गई। कांग्रेस की हालत और खराब रही, क्योंकि उसे लगातार तीसरी बार एक भी सीट नहीं मिली।

कांग्रेस ने बीजेपी को हराया?

  1. बादली – बीजेपी ने 11,901 वोटों से जीता, कांग्रेस को 32,855 वोट मिले।
  2. छतरपुर – बीजेपी ने 6,239 वोटों से जीता, कांग्रेस को 6,601 वोट मिले।
  3. ग्रेटर कैलाश – बीजेपी ने 3,188 वोटों से जीता, कांग्रेस को 6,711 वोट मिले।
  4. जंगपुरा – बीजेपी ने 675 वोटों से जीता, कांग्रेस को 7,350 वोट मिले।
  5. मादीपुर – बीजेपी ने 10,899 वोटों से जीता, कांग्रेस को 17,958 वोट मिले।
  6. मालवीय नगर – बीजेपी ने 2,131 वोटों से जीता, कांग्रेस को 6,770 वोट मिले।
  7. मुस्तफाबाद – बीजेपी ने 17,578 वोटों से जीता, कांग्रेस को 33,474 वोट मिले।
  8. नांगलोई जाट – बीजेपी ने 26,251 वोटों से जीता, कांग्रेस को 32,028 वोट मिले।
  9. नई दिल्ली – बीजेपी ने 4,089 वोटों से जीता, कांग्रेस को 4,568 वोट मिले।
  10. राजेंद्र नगर – बीजेपी ने 1,231 वोटों से जीता, कांग्रेस को 4,015 वोट मिले।
  11. संगम विहार – बीजेपी ने 344 वोटों से जीता, कांग्रेस को 15,863 वोट मिले।
  12. त्रिलोकपुरी – बीजेपी ने 392 वोटों से जीता, कांग्रेस को 6,147 वोट मिले।
  13. मेहरौली – बीजेपी ने 1,596 वोटों से जीता, कांग्रेस को 9,685 वोट मिले।
  14. तिमारपुर – बीजेपी ने 1,024 वोटों से जीता, कांग्रेस को 8,313 वोट मिले।

गठबंधन नहीं करने से नुकसान?

इन आंकड़ों को देखकर सवाल उठता है कि अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन किया होता, तो क्या बीजेपी की यह जीत इतनी बड़ी होती? यह चुनावी रणनीति पर एक महत्वपूर्ण चर्चा का विषय बन सकता है।

Navbharat Live
navbharatlive.com