चेहरा बदलने से नहीं बदलेगा चरित्र, आम आदमी पार्टी पर भाजपा का जोरदार हमला

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पद से इस्तीफा देने के बीच भाजपा ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने से आम आदमी पार्टी (आप) का ‘‘चरित्र'' नहीं बदलेगा। इससे पहले दिन में, मंगलवार को विधायक दल की बैठक में आतिशी को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुना गया।
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे और आतिशी के अगले सीएम के ऐलान के बाद बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर किया जोरदार हमला
वीरेंद्र सचदेवा, अरविंद केजरीवाल और आतिशी (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में अब दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री आतिशी बनने वाली हैं। जिसके बाद भाजपा ने अब आम आदमी पार्टी पर जोरदार हमला किया है। भाजपा ने पार्टी पर तंज कसते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने से आप का ‘‘चरित्र'' नहीं बदलेगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी दिल्ली में अपने शासन के दौरान 10 साल के ‘‘भ्रष्टाचार'' के लिए अभी भी जवाबदेह है। इससे पहले दिन में, मंगलवार को विधायक दल की बैठक में आतिशी को सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री चुना गया।

भाजपा की दिल्ली इकाई के प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने दावा किया, ‘‘चेहरा बदलने से आप का चरित्र नहीं बदलेगा...केजरीवाल के 10 साल के भ्रष्टाचार को देखते हुए, जो भी मुख्यमंत्री होगा उसे लोगों को बताना होगा कि उन्होंने दिल्ली के लोगों को कैसे लूटा।'' सचदेवा ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने हर विभाग में भ्रष्टाचार किया है और अब जनता उन्हें उस भ्रष्टाचार का जवाब देगी।''

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘‘पहले हमारे पास जेल से काम करने वाले एक मुख्यमंत्री थे जो बाद में ‘जमानत पर बाहर आए मुख्यमंत्री' बन गये। अब कहा जा रहा है कि एक ‘कठपुतली' मुख्यमंत्री को सत्ता में लाया जा रहा है।''

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया, ‘‘आप नेताओं ने कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी अरविंद केजरीवाल की है और यह कुर्सी उन्हीं की रहेगी। इसका मतलब है कि चेहरा बदलेगा, चरित्र नहीं।'' उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल की जगह आतिशी के दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने से आप का चरित्र नहीं बदलेगा।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि आतिशी के अधीन आने वाले हर विभाग में भ्रष्टाचार है। शिक्षा घोटाला, जल घोटाला, डीजेबी (दिल्ली जल बोर्ड) घोटाला, शीश महल घोटाला और कई अन्य घोटाले हैं। उन्होंने दावा किया कि आतिशी गोवा में (आप की) प्रभारी थीं, जहां शराब घोटाले से कमाए गए पैसे का इस्तेमाल राज्य विधानसभा चुनाव में किया गया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com