

BJP Seva Sankalp Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। इसे लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक प्रेस कांफ्रेंस की।
नितिन नबीन ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसी के साथ उनके लगातार 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव पूरा हो रहा है। इस मौके पर भाजपा अगले एक महीने के लिए 'सेवा संकल्प अभियान' की योजना बनाई गई है।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के संकल्प को समर्पित रहा है। एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में राजनीतिक सफर शुरू करने वाले पीएम मोदी आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने निराशा के माहौल से निकलकर तेज आर्थिक विकास और वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव की दिशा में कदम बढ़ाया है। विभिन्न देशों द्वारा पीएम मोदी को दिए गए सर्वोच्च सम्मानों को भी पार्टी उनके नेतृत्व और अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता से जोड़कर देखती है।
भाजपा अध्यक्ष के अनुसार, स्टार्टअप इंडिया जैसे प्रयासों के चलते भारत दुनिया के प्रमुख स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल हुआ है। वहीं खेलो इंडिया जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ सहित विभिन्न योजनाओं और अभियानों को भी सेवा संकल्प अभियान में रेखांकित किया जाएगा।
17 सितंबर को, रक्तदान शिविर का आयोजन होगा।
17 सितंबर की शाम 7:00 बजे 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम का आयोजन होगा।
2 अक्टूबर को हम सालाना 'स्वच्छता अभियान' चलाया जाएगा।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच सभी स्कूलों में पेंटिंग, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
बेहतरीन कलाकृतियों और भाषण प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के स्तर पर सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा।
नितिन नबीन ने कहा कि गुजरात से शुरू हुआ विकास का मॉडल नर्मदा से जुड़े जल प्रबंधन प्रयासों और ज्योति ग्राम योजना जैसे कार्यक्रमों को गुजरात के विकास मॉडल के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुजरात में विकास को लेकर तैयार किए गए विजन को आगे चलकर देश के स्तर पर भी लागू किया गया और जनकल्याण को शासन के केंद्र में रखा गया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अभियान का संदेश केवल बीते 25 वर्षों की उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे ‘विकसित भारत’ के भविष्य के संकल्प से भी जोड़ा जाएगा। सेवा गतिविधियों, लाभार्थियों की कहानियों, युवाओं की भागीदारी और जनप्रतिनिधियों के संवाद के जरिए भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को जनभागीदारी के साथ जोड़ने का प्रयास करेगी।