दिल्ली के आशा किरण शेल्टर होम में 8 महिलाओं सहित 14 लोगों की मौत, मचा हड़कंप

दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित आशा किरण शेल्टर होम में 14 लोगों की मौत होने से एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन मौतों को लेकर दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है।
14 People Died in Asha Kiran Shelter Home
आशा किरण शेल्टर होम (फोटो: एक्स@niki_niki_shots)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली. दिल्ली के रोहिणी इलाके में स्थित आशा किरण शेल्टर होम में 14 लोगों की मौत होने से एक नया विवाद खड़ा हो गया है। इस पर राजनीति भी शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इन मौतों को लेकर दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है।

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार आशा किरण शेल्टर होम में फरवरी 2024 से अब तक कुल 25 मौतें दर्ज की गई है, जिसमें 14 मौतें जुलाई महीने में हुई है। मृतकों में 8 महिला और 6 पुरुष शामिल है। इन मौतों के पीछे का कारण दस्त, बेहोशी, उल्टी और बुखार बताया गया है।

इस घटना पर दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने कहा, "दिल्ली में आशा किरण शेल्टर होम चलाया जा रहा है, यहां रहने वाले लोग पुलिस द्वारा बचाए गए लावारिस लोग हैं। एक खबर आ रही है कि जुलाई महीने में यहां 14 मौतें हुई हैं। 14 में से एक बच्चा शामिल है।" उन्होंने कहा, "यह एक गंभीर मामला है और इसकी जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट 24 घंटे के अंदर सौंप दी जाएगी। अगर रिपोर्ट में किसी अधिकारी की लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मैं दिल्ली की जनता को भरोसा दिलाती हूं कि अगर यहां किसी लापरवाही की वजह से कोई मौत हुई है तो इसमें शामिल व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। 24 घंटे बाद मजिस्ट्रेट जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट सामने आएगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।"

उपराज्यपाल ने मुआवजा देने का दिया आदेश

वहीं, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आशा किरण समेत जीएनसीटीडी द्वारा चलाए जा रहे सभी शेल्टर होम की जांच करने और एक हफ्ते के अंदर रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने शेल्टर होम के प्रशासक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने और मारे गए लोगों के परिवार से संपर्क कर उन्हें मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।

शेल्टर होम में दूषित पानी और डायरिया से अधिकांश मौतें

इस घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की प्रमुख रेखा शर्मा आशा किरण शेल्टर होम पहुंची। उन्होंने कहा, "यहां कई मौतें हुई हैं और प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि पानी दूषित है और फिल्टर की सुविधा नहीं है। यहां अधिकांश मौतें डायरिया के कारण हुई हैं।" उन्होंने बताया कहा, "शेल्टर होम में भीड़भाड़ है। 250 की क्षमता वाले शेल्टर होम में 450 लोग रह रहे हैं। यहां शौचालय की सुविधा भी नहीं है। उन्होंने सही दवा भी नहीं मिल रही है।" उन्होंने आगे कहा, "मैंने सरकार से कागजात मांगे हैं। शेल्टर होम में प्रवेश और निकासी के लिए कोई रजिस्टर या बायोमेट्रिक नहीं है। यहां के कर्मचारी अप्रशिक्षित और अनियमित हैं। उन्हें नौकरी के दौरान प्रशिक्षण दिया जा रहा है। केंद्र सरकार से इस मामले में एक सख्त और स्वतंत्र जांच की मांग करूंगी। मैं अपनी रिपोर्ट भी केंद्र सरकार को सौंपूंगी।"

भाजपा का दिल्ली सरकार पर हमला

इस मामले को लेकर अब राजनीति गरमा गई है। भाजपा ने शेल्टर होम में हुई मौतों के लिए दिल्ली सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफे की मांग की है। भाजपा नेता शाजिया इल्मी ने कहा, "रिपोर्ट आ रही है कि आशा किरण शेल्टर होम में 27 मौतें हुई हैं। मरने वाले सभी लोग मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं। इस घटना के लिए कौन जिम्मेदार है? उनका गठबंधन (इंडिया गठबंधन) इस मुद्दे पर बोलने की बिल्कुल भी जहमत नहीं उठाता। अब दिल्ली सरकार किसे दोषी ठहराएगी? उनके (इंडिया गठबंधन) पास राजनीति करने के लिए समय है, लेकिन इस मुद्दे पर बोलने के लिए समय नहीं है। अरविंद केजरीवाल को अब इस्तीफा दे देना चाहिए।"