ये किसी वेबसीरीज की शूटिंग नहीं, UP के सहारनपुर में युवकों ने सरेआम चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, लहराए हथियार- देखें Video

सहारनपुर के देवबंद में स्थित लखनौती गांव में 31 मई को अपने फूफा के घर पर 20 से ज्यादा लड़कों को लेकर फायरिंग करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवक हाथों में तमंचा लहराते हुए लगातार फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
ये किसी वेबसीरीज की शूटिंग नहीं, UP के सहारनपुर में युवकों ने सरेआम चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां, लहराए हथियार- देखें Video
देवबंद में सरेआम फायरिंग (सोर्स- वीडियो)
Updated on

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लड़के दिनदहाड़े सड़क पर हथियार लहराते और फायरिंग करते हुए देखे जा रहे हैं। यह वीडियो न केवल इलाके में दहशत का माहौल भी बना रहा है, बल्कि योगी आदित्यनाथ के 'उत्तम प्रदेश' की कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रहा है।

सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में स्थित लखनौती गांव में 31 मई को अपने फूफा के घर पर 20 से ज्यादा लड़कों को लेकर फायरिंग करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में युवक हाथों में तमंचा लहराते हुए लगातार फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो करीब एक मिनट से अधिक लंबा है और इसमें युवकों के चेहरे नकाब से ढंके हुए हैं।

खुद ही वायरल कर रहे वीडियो!

बताया जा रहा है कि यह वीडियो फायरिंग करने वाले ही सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं ताकि इलाके में अपने नाम का खौफ पैदा किया जा सके। सरेआम हथियार लहराने और फायरिंग करने वाले बदमाशों की जुरअत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है।

40 राउंड से अधिक गोलियां चलीं

गोलीबारी की घटना में 40 राउंड से अधिक गोलियां चलीं। इसी गांव के संजय त्यागी को गोली लगने की पुष्टि हुई है, जबकि इस घटना में एक महिला भी घायल हुई है। इस गोलीबारी की घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण अपने बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, लखनौती निवासी संजय त्यागी का अपने साले के बेटे से पैसों को लेकर विवाद चल रहा है। शनिवार को वह 20 से अधिक युवकों को लेकर आया फूफा संजय त्यागी के घर पर अंधाधुंध फायरिंग हुई। जिसमें संजय त्यागी के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया।

गैंगवार का अखाड़ा बना देवबंद!

यह पहली बार नहीं है जब देवबंद क्षेत्र गैंगवार की चपेट में आया है। ग्रामीणों का कहना है कि अब यहां युवाओं के हाथों में किताब और कंप्यूटर की जगह बंदूकें नजर आती हैं। हर गांव में छोटे-छोटे गिरोह बन गए हैं। युवाओं की पहचान अब नकाबपोश चेहरे और हथियारों से होने लगी है।

कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल

इस वीडियो ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। विपक्ष भी सरकार से सवाल कर रहा है कि क्या देवबंद अब उत्तर प्रदेश का हिस्सा नहीं रहा? क्या यहां योगी सरकार का शासन व प्रशासन नहीं है? किसके बल पर बदमाश इस तरह खुलेआम फायरिंग कर रहे हैं?

4 दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

घटना को चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे स्थानीय लोगों में गुस्सा है और सवाल उठ रहा है कि क्या सहारनपुर पुलिस अपराधियों के सामने नतमस्तक हो गई है? पीड़ित परिवार उच्चाधिकारियों के चक्कर लगा रहा है और न्याय की गुहार लगा रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर हर कोई हैरान है। फायरिंग करने वाले युवक 20 से ज्यादा बाइकों पर सवार होकर आए थे और खुलेआम गोलियां चलाईं। स्थानीय लोगों को डर है कि ये गिरोह कभी भी किसी गांव में फिर से ऐसी घटना को अंजाम दे सकते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com