याचिका पे याचिका...याचिका पे याचिका, तहव्वुर राणा पर सामने आया NIA का ऑफिशियल स्टेटमेंट, जानिए कैसे फेल हुए आतंकी के सारे दांव

तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर एनआईए का आधिकारिक बयान आ गया है जिसमें उसने एक बयान में कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के मुख्य साजिशकर्ता को न्यायिक प्रक्रिया में लाने के लिए वर्षों के प्रयासों के बाद यह प्रत्यर्पण हुआ है।
याचिका पे याचिका...याचिका पे याचिका, तहव्वुर राणा पर सामने आया NIA का ऑफिशियल स्टेटमेंट, जानिए कैसे फेल हुए आतंकी के सारे दांव
एनआईए की हिरासत में तहव्वुर राणा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को गुरुवार को भारत लाया गया है। देश की सबसे बड़ी जांच एजेंसी एनआईए ने कहा कि उन्होंने तहव्वुर हुसैन राणा को सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित कर दिया है। एनआईए ने एक बयान में कहा कि 2008 के मुंबई हमलों के मुख्य साजिशकर्ता को न्यायिक प्रक्रिया में लाने के लिए वर्षों के प्रयासों के बाद यह प्रत्यर्पण हुआ है।

एनआईए के बयान में कहा गया है कि यूएसडीओजे, यूएस स्काई मार्शल की सक्रिय सहायता से एनआईए ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया के दौरान अन्य भारतीय खुफिया एजेंसियों, एनएसजी के साथ मिलकर काम किया। इसमें भारतीय विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय ने भी मामले को सफल निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए अमेरिका में अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया।

याचिका पे याचिका...

कैलिफोर्निया के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने 16 मई 2023 को तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण का आदेश दिया। इसके बाद तहव्वुर राणा ने नौवीं सर्किट कोर्ट ऑफ अपील्स में मुकदमे दायर किए, जिनमें से सभी खारिज कर दिए गए। एनआईए ने कहा कि इसके बाद तहव्वुर ने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में एक रिट, दो बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिकाएं और एक आपातकालीन आवेदन दायर किया। इन्हें खारिज कर दिया गया।

एनआईए ने एक बयान जारी कर कहा, "राणा पर डेविड कोलमैन हेडली, लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी), हरकत-उल-जिहादी इस्लामी (एचयूजेआई) और पाकिस्तान के अन्य आतंकवादियों के साथ मिलकर 2008 में मुंबई में आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचने का आरोप है। लश्कर-ए-तैयबा और हरकत-उल-जिहादी इस्लामी को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम, 1967 (यूएपीए) के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है।

पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि मुंबई में हुए आतंकवादी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा से उसका कोई लेना-देना नहीं है। पाकिस्तान ने कहा कि तहव्वुर राणा कनाडा का नागरिक है और उसने करीब दो दशक से अपने पाकिस्तानी दस्तावेजों को अपडेट नहीं कराया है। राणा अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ ​​दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है, जो मुंबई आतंकवादी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक है।

Navbharat Live
navbharatlive.com