कैब ड्राइवर से लूट के मामले में द्वारका पुलिस की कार्रवाई, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

Crime news: कैब ड्राइवर से लूट के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए है।
कैब ड्राइवर से लूट के मामले में द्वारका पुलिस की कार्रवाई, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार
4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार (सौ. IANS)
Published on
Updated on

 Interstate Robbers Arrested: द्वारका दक्षिण पुलिस स्टेशन की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से तीन लूटे गए वाहन, मोबाइल, कार की चाबी सहित कई दस्तावेज मिले हैं। ये आरोपी पांच वारदातों में शामिल थे।

द्वारका साउथ थाने में 26 सितंबर की रात्रि एक कैब ड्राइवर से लूट की सूचना मिली थी। ड्राइवर ने बताया कि सिग्नेचर ब्रिज से द्वारका सेक्टर 9 के लिए उसकी कैब बुक हुई थी। रात 2 बजे जब वह बुकिंग के स्थान पर पहुंचा, तो एक अर्टिगा कार पास आई, जिसमें से एक बदमाश ने बाहर निकलकर ड्राइवर के माथे पर देसी पिस्तौल सटा दी और उसका पर्स, मोबाइल और कार की चाबियां छीनकर फरार हो गया।

12 घंटे के अंदर पुलिस ने सुलझा लूट की गुत्थी

सूचना मिलते ही पुलिस ने कई टीम बनाकर सिर्फ 12 घंटे के अंदर मामले को सुलझा लिया। इस कार्रवाई से डकैती, कार चोरी और लूट के पांच मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इन शातिर अपराधियों के पास से तीन लूटे गए वाहन, तीन लूटे गए मोबाइल फोन, कार की चाबी, आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। साथ ही, उनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी मिला है।

50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की हुई जांच

पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसएचओ राजेश कुमार साह के नेतृत्व और एसीपी किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन में एएसआई महावीर, करण सिंह, हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव, सुरेंद्र, कुलदीप और तुषार की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की और तकनीकी निगरानी के साथ मुखबिरों से सूचना ली।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

मुखबिर की सूचना पर टीम ने छावला इलाके से दो आरोपी सोहिताब और जुनैद को पकड़ने के लिए उनका पीछा किया। पुलिस को आते देख आरोपी भागने लगे। पुलिस ने 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर तीसरे आरोपी जावेद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गैंग के सरगना के पास से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद

पुलिस ने अगले ही दिन गैंग के सरगना अलाउद्दीन को भी छावला इलाके से गिरफ्तार किया। उसके पास से देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि अलाउद्दीन ने ही अपने साथियों को ड्राइवर को सुनसान जगह पर ले जाने का निर्देश दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अलाउद्दीन पहले 10 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। अलाउद्दीन और उसके साथियों ने हरियाणा के नूंह और दिल्ली के तिमारपुर इलाके से अर्टिगा और स्विफ्ट डिजायर जैसी कई कारें लूटी थीं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com