

सरगुजा में हाथी को पकड़ने के लिए ऑपरेशन कबरा जारी।
कबरा के 17 हाथियों के एक दल में हो गया शामिल।
ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग का ऑपरेशन चौथे दिन भी जारी।
अनहोनी की आशंका के चलते 20 स्कूलों में छुट्टी की घोषणा।
Surguja Kabra Elephant Operation Update: सरगुजा में उत्पाती कबरा हाथी वन विभाग की टीम अब तक पकड़ नहीं पाई है। आज ट्रेंकुलाइज करने के लिए वन विभाग का ऑपरेशन आज चौथे दिन भी जारी रहेगा। इधर हाथी के आतंक को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। बता दें कि कबरा हाथी ने बीते 6 महीने में 19 लोगों को मौत के घाट उतारा है। वहीं अब वन विभाग की टीम उसे पकड़ने के लिए जुटी हुई।
तीन दिन की लगातार कोशिशों के बावजूद वन विभाग को अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। जानकारी के अनुसार कबरा कान हाथी 17 हाथियों के दल में शामिल हो गया है। जिसके चलते उसे ट्रैक करने और ट्रेंकुलाइज करने में वन विभाग की टीम को काफी परेशानी हो रही है। इधर कुमकी हाथी तीरथ और दुर्योधन भी जंगलों में कबरा की तलाश कर रहे हैं। हाथी प्रभावित क्षेत्र के 20 स्कूलों में छुट्टी भी घोषित कि गई है।
उदयपुर वन परिक्षेत्र के तेंदुटिकरा और सरमा जंगल के बीच 18 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। जिसमें कबरा कान हाथी भी शामिल है। हाथियों के दल के बेहद करीब रहने के कारण कबरा को अलग कर ट्रेंकुलाइज करना वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। ऑपरेशन कबरा के तहत जंगल के अंदर ट्रैकर टीम को रवाना किया गया है।
कुमकी हाथी, तीरथ और दुर्योधन भी लगातार कबरा की तलाश में जुटे है। कुमकी हाथियों के साथ वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उदयपुर इलाके में रातभर कैंप कर निगरानी कर रहे हैं।
इधर हाथी प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल से दूर रहने और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र के करीब 20 स्कूलों में छुट्टी भी घोषित की गई है। फिलहाल वन विभाग की पूरी टीम की नजर कबरा हाथी की लोकेशन पर टिकी है और आज चौथे दिन भी ऑपरेशन कबरा जारी रहेगा।