

आरोपी नितिन मोटवानी उर्फ चिकू को कथित तौर पर दी गई वीआईपी सुविधा।
सट्टेबाज को बिना हथकड़ी कोर्ट ले गई गंज पुलिस।
आरोपी करीब एक साल तक फरार रहा।
आरोपी के परिवार वालों को दी विशेष मुलाकात की सुविधा।
VIP treatment for Betting Accused in Raipur: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के आरोपी नितिन मोटवानी उर्फ चिकू को कथित तौर पर वीआईपी ट्रीटमेंट दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी को पुलिस बिना हथकड़ी के कोर्ट ले गई। वहीं पुलिस परिसर में घूमता रहा, जब परिवार के सदस्य आए तो कथित तौर पर विशेष मुलाकात की सुविधा दी गई। आरोपी को दी गई वीआईपी सुविधा यह गंभीर मामला हैं। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने आरोपी के साथ किसी तरह का पक्षपात किए जाने से इनकार किया है।
जानकारी के मुताबिक गंज थाना पुलिस ने नितिन मोटवानी उर्फ चिकू के खिलाफ ऑनलाइन सट्टेबाजी की वेबसाइट से जुड़े पैनल के संचालन के आरोप में मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब एक साल तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहा जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
इस मामले को लेकर चार वीडियो का हवाला दिया जा रहा है। इनमें पुलिस परिसर के भीतर की गतिविधियां, वर्दीधारी पुलिसकर्मी के साथ बिना हथकड़ी चलता दिखाई दे रहा एक व्यक्ति और डायल 112 की पुलिस एसयूवी नजर आने का दावा किया गया है। इसके अलावा आरोपी को परिवार के सदस्यों से कथित तौर पर लंबे समय तक मुलाकात की सुविधा मिलने और तस्वीरें खिंचवाने के दौरान हथकड़ी लगाए जाने के आरोप भी चर्चा में हैं। मोटवानी का संबंध शिमर्स क्लब से होने की बात भी कही जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हिरासत में आरोपियों के साथ समान व्यवहार, सुरक्षा व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर किसी आरोपी को निर्धारित नियमों से अलग सुविधाएं दी जाती हैं तो उसकी परिस्थितियों और औचित्य की जांच जरूरी है। हालांकि इस मामले में डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया, कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे जेल भेज दिया गया।