रायपुर मास्टर प्लान में बड़ा खेल, 11 सड़कें गायब, 23 की चौड़ाई घटाई, अब जांच कमेटी ने की सिफारिश

Raipur Master Plan : शहर के सुनियोजित विकास और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले सड़क संबंधी बदलावों पर अब राज्य शासन ने संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Raipur Master Plan
रायपुर मास्टर प्लान संशोधनसोर्स- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • रायपुर मास्टर प्लान 2031 में बड़े बदलावों पर जांच रिपोर्ट।

  • 11 हटाई गई सड़कें दोबारा मास्टर प्लान में जुड़ेंगी।

  • 23 सड़कों की चौड़ाई मूल योजना के अनुसार होगी बहाल।

  • MR-33 और MR-40 समेत 10 सड़कों का अलाइनमेंट बदलेगा।

  • 170 से अधिक शिकायतों के बाद शासन ने शुरू की संशोधन प्रक्रिया।

Raipur Master Plan Amendment : राजधानी रायपुर के मास्टर प्लान 2031 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शहर के सुनियोजित विकास और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले सड़क संबंधी बदलावों पर अब राज्य शासन ने संशोधन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जांच समिति की रिपोर्ट के बाद जुलाई 2023 में प्रकाशित मास्टर प्लान में किए गए कई बदलावों को वापस लेने की तैयारी है। इसमें 11 सड़कों को दोबारा शामिल करने, 23 सड़कों की चौड़ाई मूल योजना के अनुसार बहाल करने और 10 सड़कों का पुराना अलाइनमेंट वापस लाने की अनुशंसा की गई है।

इस प्रस्ताव के बाद रायपुर मास्टर प्लान में सड़क संबंधी प्रावधानों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। राज्य शासन ने प्रस्तावित संशोधनों पर आम नागरिकों, भू-स्वामियों और संबंधित हितधारकों से 15 दिनों के भीतर दावा-आपत्ति और सुझाव मांगे हैं।

170 से ज्यादा शिकायतों के बाद गठित हुई थी जांच कमेटी

दरअसल 7 अप्रैल 2008 को प्रकाशित मूल मास्टर प्लान 2021 का पुनर्विलोकन कर 24 जुलाई 2023 को नया मास्टर प्लान प्रकाशित किया गया था। इसमें सड़कों के मार्ग, चौड़ाई और अलाइनमेंट में किए गए बदलावों को लेकर 170 से अधिक शिकायतें शासन तक पहुंची थीं।

शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने मामले की जांच कराने की पहल की थी। इसके बाद राज्य शासन ने 15 मार्च 2024 को संचालक, नगर तथा ग्राम निवेश की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की। समिति ने मौके की स्थिति, राजस्व अभिलेख और भविष्य में बढ़ने वाले यातायात दबाव का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी।

Raipur Master Plan
पूर्व सांसद नंदकुमार साय चोटिल, CM विष्णुदेव साय हेलीकॉप्टर से लेकर पहुंचे रायपुर

जांच कमेटी की 4 बड़ी अनुशंसाएं

जांच समिति ने मास्टर प्लान में सड़क संबंधी बदलावों को सुधारने के लिए प्रमुख अनुशंसाएं की हैं।

11 सड़कें दोबारा जुड़ेंगी: जुलाई 2023 के मास्टर प्लान में हटाए गए 11 आवश्यक मार्गों को फिर से शामिल करने की अनुशंसा की गई है।

23 सड़कों की चौड़ाई बढ़ेगी: जिन 23 मार्गों की प्रस्तावित चौड़ाई कम कर दी गई थी, उन्हें वर्ष 2021 की मूल योजना के अनुसार बहाल किया जाएगा।

10 सड़कों का अलाइनमेंट बदलेगा: एमआर-33 और एमआर-40 सहित 10 मार्गों के बदले गए अलाइनमेंट को रद्द कर पुरानी स्थिति बहाल करने की सिफारिश की गई।

तालिकाओं में भी सुधार: प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों के नाम और चौड़ाई से संबंधित हटाए गए विवरण दोबारा जोड़े जाएंगे। इससे भवन निर्माण की अनुमति देने में आ रही अड़चनें दूर करने में मदद मिलेगी।

ग्रीन बेल्ट और जलाशयों पर अलग से कार्रवाई

मास्टर प्लान को लेकर सिर्फ सड़कें ही नहीं, बल्कि असंगत भूमि उपयोग, हरित क्षेत्र (ग्रीन बेल्ट) और जलाशयों से जुड़ी आपत्तियां भी सामने आई थीं। इन मामलों पर शासन स्तर पर अलग से कार्रवाई की जा रही है।

15 दिनों में दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति

राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23 क के तहत प्रस्तावित संशोधनों पर आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं। नागरिक प्रस्ताव की प्रति कार्यालयीन समय में आयुक्त रायपुर संभाग, कलेक्टर रायपुर, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय और आयुक्त नगर पालिक निगम रायपुर के कार्यालय में देख सकते हैं।

इच्छुक नागरिक प्रस्तावित संशोधनों पर अपनी लिखित आपत्ति या सुझाव 15 दिनों के भीतर जमा कर सकेंगे। इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के आधार पर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Raipur Master Plan
ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक गांजे का काला कारोबार बेनकाब, बालोद पुलिस ने 138.551 किलो गांजा पकड़ा