अभनपुर जनपद में अविश्वास की दस्तक, 2 दिसंबर को तय होगा अध्यक्ष चंद्रिका बंजारे की कुर्सी का भविष्य

Abhanpur Janpad Panchayat: रायपुर जिले के अभनपुर जनपद पंचायत में अध्यक्ष की कुर्सी संकट में है। चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ 9 सदस्यों के अविश्वास प्रस्ताव पर 2 दिसंबर को मतदान होगा।
Abhanpur Janpad Panchayat  chandrika Banjare, chhattigarh news,
अभनपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र (सोर्स - सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • 25 सदस्यीय जनपद पंचायत में से 9 सदस्यों ने पेश किया अविश्वास प्रस्ताव।

  • रायपुर कलेक्टर ने विशेष सम्मेलन के लिए जारी किया आदेश।

  • अपर कलेक्टर शिम्मी नाहिद होंगी पीठासीन अधिकारी।

  • जनपद पंचायत अभनपुर के सभाकक्ष में बुलाया विशेष सम्मेलन।

Abhanpur Janpad Panchayat President: जनपद पंचायत अभनपुर की राजनीति में शुरू हुई अविश्वास प्रस्ताव की कवायद अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ 9 सदस्यों की ओर से प्रस्तुत अविश्वास प्रस्ताव पर आगामी 2 दिसंबर को मतदान होगा। रायपुर कलेक्टर ने इसके लिए जनपद पंचायत अभनपुर के सभाकक्ष में विशेष सम्मेलन बुलाया है। अपर कलेक्टर शिम्मी नाहिद को बैठक का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है।

सदस्यों ने अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

गौरतलब है कि 25 सदस्यीय जनपद पंचायत में भाजपा समर्थित अध्यक्ष चंद्रिका जितेंद्र बंजारे के खिलाफ कांग्रेस समर्थित बताए जा रहे 9 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव की मांग करते हुए आवेदन प्रस्तुत किया था। सदस्यों ने अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि महत्वपूर्ण निर्णयों में निर्वाचित सदस्यों को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है।

Abhanpur Janpad Panchayat  chandrika Banjare, chhattigarh news,
सरगुजा में पहले पत्नी ने खाया जहर, दूसरे दिन पति ने लगाई फांसी, इलाज के दौरान दोनों की मौत

अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन एसडीएम कार्यालय में पेश

इसे लेकर सदस्यों में असंतोष होने की बात भी आवेदन में कही गई थी। शुरुआत में अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन अभनपुर एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था। बाद में एसडीएम ने स्पष्ट किया था कि जनपद पंचायत अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया में कलेक्टर सक्षम अधिकारी हैं। अब जिला प्रशासन ने 2 दिसंबर की तारीख तय कर दी है।

Abhanpur Janpad Panchayat  chandrika Banjare, chhattigarh news,
सरकारी अस्पताल में पंजीयन कराते ही निजी हॉस्पिटल से फोन आया! कांकेर MCH में डेटा लीक का बड़ा खेल

अब सदन की कसौटी पर होगी कवायद

विशेष सम्मेलन में अविश्वास प्रस्ताव पर होने वाली कार्रवाई और मतदान से अध्यक्ष की कुर्सी का भविष्य तय होगा। 9 सदस्यों के हस्ताक्षर से शुरू हुई यह कवायद अब सदन की कसौटी पर होगी। राजनीतिक हलकों में भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब सबकी निगाहें 2 दिसंबर पर टिकी हैं, जब स्पष्ट होगा कि चंद्रिका जितेंद्र बंजारे अध्यक्ष पद पर बनी रहती हैं या जनपद पंचायत में नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति बनती है।

Story By - Vinod Jain