रायपुर में लैंडिंग के बाद नहीं खुला विमान का गेट, आधे घंटे तक इंडिगो की फ्लाइट में फंसे रहे भूपेश बघेल

रायपुर के वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान के लैंड होने के बाद इंडिगो के विमान का गेट नहीं खुला। जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल भी सवार थे।
रायपुर में लैंडिंग के बाद आधे घंटे तक नहीं खुला विमान का गेट, आधे घंटे तक इंडिगो की फ्लाइट में फंसे रहे भूपेश बघेल
इंडिगो की फ्लाइट में आधे घंटे फंसे रहे भूपेश बघेल (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

रायपुर: अहमदाबाद विमान हादसे के बाद लगातार विमानों से जुड़ी खबरें सामने आ रही हैं। इस बार नया मामला छत्तीसगढ़ के रायपुर एयरपोर्ट से आया है। यहां मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब इंडिगो की फ्लाइट के लैंड होने के 30 मिनट बाद भी विमान का दरवाजा नहीं खुला। इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल भी फ्लाइट में फंसे रहे।

रायपुर में दिल्ली से आ रही फ्लाइट 6E 6312 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण यात्री करीब 30 मिनट तक विमान के अंदर फंसे रहे। फ्लाइट दोपहर 2:25 बजे सुरक्षित लैंड कर गई, लेकिन गेट में कुछ खराबी के कारण विमान का दरवाजा नहीं खुला। इसके कारण विमान में सवार यात्रियों को समय पर उतारा नहीं जा सका। विमान में भूपेश बघेल के अलावा विधायक चतुरी नंद और रायपुर की मेयर मीनल चौबे भी सवार थीं।

लैंड होने के बाद नहीं खुला मेन डोर

रायपुर के वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान के लैंड होने के बाद यह घटना हुई। जब चालक दल ने विमान से उतरने के लिए दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो मुख्य द्वार नहीं खुला। डोर सिस्टम से जुड़ी विमान के केबिन की स्क्रीन पर कोई संकेत नहीं दिखा।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

इससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद कुछ देर के लिए एयरपोर्ट पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स करना पड़ा। पूर्व सीएम बघेल ने बाद में घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि गेट में तकनीकी समस्या थी। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार दरवाजा खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया।

12 जून को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान क्रैश हो गया था। प्लेन में क्रू मेंबर समते कुल 242 लोग सवार थे। इस दर्दनाक दुर्घटना में 241 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स जिंदा बच निकला था। इस हादसे के बाद से लगातार विमानों में खामियों की ख़बरें सामने आ रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com