

कोरबा के सरकारी स्कूल में नशे का वीडियो आया सामने
नौवीं की छात्राएं शराब पीकर सिगरेट के कश लगाती दिखीं
स्कूल के लड़कों का गांजा पीते हुए वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो के बाद स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक बुलाई
नाबालिग छात्रों के नशे की लत से अभिभावक हुए चिंतित
Korba Students Consuming Drugs : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबीधतुरा के 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले विद्यार्थियों का नशा करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद पूरे इलाके और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। नाबालिग बच्चों के इस तरह नशे की चपेट में आने से स्थानीय लोगों और अभिभावकों की चिंता काफी बढ़ गई है।
वायरल हो रहे वीडियो में स्कूल के कुछ लड़के और लड़कियां एक साथ नशा करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दो छात्राएं शराब के नशे में धुत हैं।
दोनों छात्राएं सिगरेट के कश लगाने के साथ ही लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल और गाली-गलौज भी कर रही हैं। इसी वीडियो में स्कूल के कुछ छात्र गांजा पीते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रशासन हरकत में आ गया है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबीधतुरा के प्राचार्य वीरभद्र सिंह पैकरा ने इस वायरल वीडियो की पुष्टि की है। उन्होंने माना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे बच्चे उनके ही विद्यालय के हैं।
नाबालिग विद्यार्थियों के नशे की गतिविधियों में शामिल होने से अभिभावक वर्ग में गहरा रोष और चिंता है। स्कूल प्रबंधन ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लिया है।
प्राचार्य ने बताया कि इस विषय पर चर्चा करने के लिए स्कूल प्रबंधन समिति की एक बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में वायरल वीडियो की जांच और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।