कांकेर में दो कारों की भीषण टक्कर...एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, चारों ओर मची चीख-पुकार! देखें VIDEO

Car Collision Kanker: छत्तीसगढ़ के कांकेर में दो कारों की जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई। शादी समारोह से लौटते वक्त नाथिया नवागांव के पास यह हादसा हुआ।
Kanker Road Accident
कांकेर में दो कारों की भीषण टक्कर(Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Kanker Road Accident: कांकेर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें दो कारों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शादी समारोह से लौट रहा था परिवार

यह हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र, कांकेर के नाथिया नवागांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, उड़कुड़ा गांव का एक परिवार शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था, तभी उनकी कार सामने से आ रही दूसरी कार से टकरा गई।

एक ही परिवार के छह लोगों की मौत

इस दुर्घटना में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हुई है, जिनमें तीन महिलाएं, एक बच्चा और दो पुरुष शामिल हैं। घायल लोगों का इलाज कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

महासमुंद में हुआ था हादसा

इससे पहले पिछले महीने छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के खल्लारी गांव में स्थित प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रोपवे टूटने से छह श्रद्धालु घायल हो गए थे और एक महिला की मौत हो गई थी। रोपवे टूटने के बाद ट्रॉली लगभग 200 फीट नीचे जा गिरी थी। पुलिस ने बताया था, दुर्घटना के समय ट्रॉली में छह श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद वहां अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों, मंदिर अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने लोगों को तत्काल बचाया।

Navbharat Live
navbharatlive.com