छत्तीसगढ़ में थम नहीं रहा हाथियों का आतंक, चार जिलों में एक माह में 9 लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ के उत्तरी क्षेत्र के सरगुजा, जशपुर, कोरिया और कोरबा जिलों में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। ताजा घटना में जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
- Written By: रीना पंवार
जंगली हाथी के हमले से 4 लोगों की मौत (सौजन्य सोशल मीडिया)
जशपुर : छत्तीसगढ़ के चार जिलों में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। यहां हाथी के हमले से लोगों की मौत के मामले थम नहीं रहे। कोरबा के बाद अब जशपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। कोरबा में गुरूवार को जंगली हाथी के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
इस तरह एक माह में यहां हाथियों के हमले से अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। इतना ही नहीं, जंगली हाथियों ने हमला कर कई मवेशियों को भी मार डाला। लगातार जंगली हाथियों के हमलों के कारण यहां लोगों में दहशत का माहौल है।
चार जिलों में जारी है हाथियों का आतंक
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले में चार वन परिक्षेत्र में 38 हाथी विचरण कर रहे हैं, जिनमें से 15 हाथी अकेले घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिले में बीते एक माह में जंगली हाथियों ने कुल नौ लोगों की जान ली है। राज्य के उत्तरी क्षेत्र के सरगुजा, जशपुर, कोरिया और कोरबा जिलों में जंगली हाथियों का आतंक जारी है। कोरबा में गुरूवार को जंगली हाथी के हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
E20 पेट्रोल विवाद में पहली बड़ी जीत, रायपुर कोर्ट ने कंपनी को कार बदलने का दिया आदेश, जानें पूरा मामला
गड़चिरोली के चुरचुरा और बोदली मेंढा क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
Chandrapur News: चंद्रपुर-गड़चिरोली में हाथियों का आतंक, विजय वडेट्टीवार ने विधानसभा में उठाया मुद्दा
मप्र-छग के बीच 26 साल पुराना DR विवाद सुलझाने की पहल, मध्य प्रदेश ने भेजा ‘स्थायी सहमति’ का प्रस्ताव
जशपुर में हाथी ने चार लोगों को कुचला
अधिकारियों ने बताया कि जशपुर के बगीचा गांव में जंगली हाथी के हमले में रामकेश्वर सोनी (35), उसकी बेटी रवीता सोनी (नौ), भाई अजय सोनी (25) और पड़ोसी अश्विन कुजूर (28) की मौत हो गई। शुक्रवार रात जंगली हाथी ने बगीचा गांव में हमला बोल दिया। इस दौरान जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया।
कोरबा में तीन महिलाओं को मारा
कोरबा जिले में अपने झुंड से बिछड़कर अलग हुए जंगली हाथी के हमले में यहां अब तक तीन लोगों समेत कई मवेशियों की मौत हो चुकी है। जंगली हाथी ने हमला कर यहां एक ही परिवार की दो महिलाओं को मौत के घाट उतार दिया था। एक अन्य घटना में हाथी ने गुरूवार सुबह एक और महिला की जान ले ली थी जो सुबह घर से सैर के लिए निकली थी।
कोरबा की सीमा से हाथी को किया बाहर
झुंड से बिछड़ कर आतंक मचा रहे हाथी को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथी के इधर-उधर भागने और खेतों तथा आबादी क्षेत्र में जाने के कारण उसे करंट लगने का खतरा बना रहता है। इसलिए उसे करंट से बचाने के लिए क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बंद करवा दी गई। उन्होंने बताया कि जंगली हाथी को कोरबा जिले की सीमा से निकाला जा चुका है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
