'भिलाई निवास में साहेब ने...', कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के घर ED की रेड

Bhupesh Baghel News: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के घर पर आज तड़के ईडी ने छापा मारा है। इस कार्रवाई को लेकर प्रदेश में हड़कंप मच गया है।
'भिलाई निवास में साहेब ने...', कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के घर ED की रेड
भूपेश बघेल (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Bhupesh Baghel News: छत्तीसगढ़ से इस समय बड़ी खबर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घर पर ईडी ने छापा मारा है। ईडी की टीम तीन गाड़ियों में भूपेश बघेल के भिलाई स्थित आवास पर पहुँची है। ईडी के अधिकारी सुबह 6 बजे बघेल के आवास पहुँचे। उनके साथ बड़ी संख्या में सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद हैं।

भूपेश बघेल ने क्या कहा?

भूपेश बघेल ने ईडी की छापेमारी के बारे में एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, " ED आ गई. आज विधानसभा सत्र का अंतिम दिन है. अडानी के लिए तमनार में काटे जा रहे पेड़ों का मुद्दा आज उठना था. भिलाई निवास में “साहेब” ने ED भेज दी है।"

क्या है मामला?

शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये कार्रवाई राज्य में चर्चित शराब घोटाले को लेकर बताई जा रही है। ये पहला बार नहीं है, जब ईडी ने बघेल के ठिकानों पर दबिश दी है। इससे पहले भी बघेल से जुड़े परिसरों में छापेमारी की जा चुकी है।

पहले भी हो चुकी है छापेमारी

इससे पहले मार्च में भी भूपेश बघेल के घर पर ईडी ने छापेमारी की थी। तब उनके घर से कैश जब्त करने के बाद नोट गिनने की मशीन भी मंगवानी पड़ी थी। इस बीच छापेमारी कर लौट रही ईडी की टीम पर हमला भी हुआ था। अब एक बार फिर से ईडी ने छापेमारी की है।

बता दें कि, ED की टीम ने पहले भूपेश बघेल के साथ-साथ उनके कई करीबियों के घर छापा मारा था। इस दौरान भूपेश बघेल के समर्थकों ने खूब विरोध प्रदर्शन किया था और इस दौरान भूपेश बघेल के समर्थकों ने अधिकारियों के साथ बदसलूकी भी की थी।

विधानसभा में हंगामा

बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है। आज सत्र का आखिरी दिन है। गुरुवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस नेताओं ने डीएपी खाद को लेकर खूब हंगामा किया। किसान विरोधी सरकार के नारे लगाते हुए नेता प्रतिपक्ष समेत कई कांग्रेस विधायक वेल में पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने 30 से अधिक विपक्षी विधायकों को पूरे दिन के लिए निलंबित कर दिया।