अब 3-4 बच्चे पैदा करने में परेशानी नहीं, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री जयसवाल के बयान पर TS सिंहदेव का पलटवार

Minister Shyam Bihari Jaiswal: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बयान ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव ने पलटवार करते हुए मंत्री के बयान को नासमझी भरा बताया है।
Chhattisgarh Health Minister Shyam Bihari Jaiswal, TS Singhdeo news,
स्वास्थ्य मंत्री जयसवाल के बयान पर सिंहदेव का पलटवार(सोर्स - नवभारत लाइव)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • स्वास्थ्य मंत्री बोले- तीन से ज्यादा बच्चे पैदा करने में अब दिक्तक नहीं होगी।

  • पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने बयान को बताया गैरजिम्मेदाराना।

  • सरगुजा में कांग्रेस की वापसी को लेकर भी बयानबाजी जारी।

  • स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल ने कहा- छत्तीसगढ़ की फर्टिलिटी दर 1.8 है।

Chhattisgarh Health Minister Shyam Bihari Jaiswal: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के तीन से ज्यादा बच्चे पैदा करने और फर्टिलिटी रेट बढ़ाने वाले बयान पर सियासत गरमा गई है। पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने स्वास्थ्य मंत्री के बयान को गैरजिम्मेदाराना और नासमझी भरा बताया है।

इतना ही नहीं, सरगुजा में कांग्रेस की वापसी में 50 साल लगने वाले स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर भी सिंहदेव ने पलटवार किया है, वहीं 200 से ज्यादा सरकारी स्कूलों को PPP मॉडल पर संचालित करने की शिक्षा मंत्री की घोषणा पर भी सिंहदेव ने सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए हैं।

छत्तीसगढ़ की फर्टिलिटी दर राष्ट्रीय औसत से कम

MCB जिले के चिरमिरी में मीडिया से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने छत्तीसगढ़ की फर्टिलिटी दर को राष्ट्रीय औसत से कम बताया कि मंत्री के मुताबिक देश का औसत 2.2 है, जबकि छत्तीसगढ़ की फर्टिलिटी दर 1.8 है।

उन्होंने कहा कि सरकार अब लोगों को प्रोत्साहित कर परिवार नियोजन नहीं कर रही है। उनका मानना है कि प्रदेश की फर्टिलिटी दर राष्ट्रीय औसत के बराबर होनी चाहिए, हालांकि उन्होंने जबरन नसबंदी की बात से इनकार करते हुए कहा कि स्वेच्छा से आने वालों की नसबंदी की जाती है और दो से अधिक बच्चे होने पर भी कोई परेशानी नहीं है।

Chhattisgarh Health Minister Shyam Bihari Jaiswal, TS Singhdeo news,
CGBSE Board Exam 2027: छत्तीसगढ़ बोर्ड ने जारी किया 10वीं-12वीं का टाइम टेबल, 12 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं

मंत्री के बयान पर टीएस सिंहदेव की तीखी प्रतिक्रिया

स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है,सिंहदेव ने इसे गैरजिम्मेदाराना और नासमझी भरा बयान बताया। उन्होंने कहा कि देश की आबादी डेढ़ सौ करोड़ के पार पहुंच चुकी है और सीमित संसाधनों के बीच बढ़ती जनसंख्या प्रति व्यक्ति आय कम होने की एक बड़ी वजह है।

सिंहदेव ने कहा कि दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने के बावजूद भारत की प्रति व्यक्ति आय काफी पीछे है। ऐसे में जनसंख्या को लेकर इस तरह के बयान देना उचित नहीं है।

Chhattisgarh Health Minister Shyam Bihari Jaiswal, TS Singhdeo news,
चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने बस्तर की रेल कनेक्टिविटी पर लगाया ब्रेक, किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस रद्द

सरगुजा में कांग्रेस की वापसी को लेकर बयानबाजी

इधर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सरगुजा में कांग्रेस की राजनीतिक वापसी को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि 2018 में कांग्रेस को सरगुजा की 14 सीटें मिली थीं, लेकिन 2023 में पार्टी एक भी सीट नहीं बचा पाई। मंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस ने सरगुजा में इतनी राजनीतिक जमीन खो दी है कि वापसी में 50 साल लग जाएंगे और पार्टी आगामी चुनाव में खाता तक नहीं खोल पाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान पर भी टीएस सिंहदेव ने जवाब दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि जनता ने कांग्रेस के कामकाज को पसंद नहीं किया। जिसकी वजह से पार्टी को हार का सामना करना पड़ा,हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और सरगुजा में अपनी खोई राजनीतिक जमीन वापस हासिल करेगी।

PPP मॉडल पर सरकार को घेरा

सरकारी स्कूलों को PPP मॉडल पर संचालित करने की सरकार की योजना पर भी टीएस सिंहदेव ने सवाल उठाए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रदेश के 200 से ज्यादा स्कूलों को PPP मॉडल पर चलाने की बात कही है। सरकार का दावा है कि स्कूलों के भवन और विद्यार्थी सरकार के होंगे। जबकि संचालन की जिम्मेदारी निजी संस्थाओं को दी जाएगी।

आदिवासी क्षेत्रों में DAV स्कूलों की तर्ज पर इस मॉडल को लागू करने की तैयारी है,शिक्षा मंत्री ने स्कूल बंद करने की खबरों को भी भ्रामक बताया है, लेकिन सरकार की इस योजना पर सिंहदेव ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के भवन जनता के टैक्स के पैसे से बने हैं,ऐसे में सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल निजी संस्थाओं को कमाई का अवसर देने के लिए क्यों किया जा रहा है।

सिंहदेव के मुताबिक सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सबसे जरूरी शिक्षकों की भर्ती है। उन्होंने विधानसभा में पूर्व शिक्षा मंत्री की ओर से करीब 35 हजार शिक्षकों की भर्ती की बात का जिक्र करते हुए कहा कि समस्या स्कूलों के संचालन की नहीं बल्कि शिक्षकों की कमी दूर करने की है।

गरमाई प्रदेश की सियासत

स्वास्थ्य मंत्री के बयानों ने प्रदेश की सियासत में नई बहस छेड़ दी है। जनसंख्या नियंत्रण सरगुजा में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति और सरकारी स्कूलों के निजी संस्थाओं के जरिए संचालन जैसे मुद्दों पर अब सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने हैं। आने वाले समय में सत्ता और विपक्ष की अब बयान बाजी भी सामने आने लगेंगे देखना होगा कि सत्ता पक्ष के द्वारा दिए गए बयानों को लेकर अब कौन-कौन सी और नई प्रतिक्रिया सामने आती है।