आंखों में मिर्च पाउडर और चाकू की नोक पर लूट, बिलासपुर में कुछ घंटे में ही पकड़े गए आरोपी

Crime News : कोटा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पहले युवक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका, फिर चाकू दिखाकर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली।
Crime News
बिलासपुर क्राइम न्यूजसोर्स - नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • कोटा थाना क्षेत्र में युवक से चाकू की नोक पर लूट।

  • बदमाशों ने आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका।

  • पल्सर बाइक, मोबाइल और एक हजार रुपये लूटकर हुए फरार।

  • पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक बालिग और तीन नाबालिगों को पकड़ा।

  • आरोपियों से लूटी गई बाइक, मोबाइल और चाकू बरामद।

Bilaspur Crime News : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। कोटा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने पहले युवक की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंका, फिर चाकू दिखाकर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली।

वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने एक बालिग आरोपी और तीन नाबालिगों को पकड़ा है।

लक्ष्मी विसर्जन देखकर लौट रहा था युवक

पुलिस के मुताबिक, ग्राम खुरदुर निवासी शिवम कुमार ध्रुव 11 नवंबर की रात अपनी पल्सर बाइक से दोस्त के घर ग्राम दवनपुर लक्ष्मी विसर्जन देखने गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान कोटा रेलवे गतवा फाटक के पास पहले से मौजूद बदमाशों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने अचानक उसकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डाल दिया। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसकी पल्सर बाइक, मोबाइल फोन तथा जेब में रखे एक हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

Crime News
बीजापुर में माओवादियों के 3 डंप का भंडाफोड़, 136 BGL सेल और 1400 फीट कार्डेक्स वायर बरामद

मुखबिर की सूचना से खुला लूट का राज

घटना के बाद पीड़ित ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वारदात में शामिल संदिग्ध कोटा के पड़ावपारा इलाके के रहने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को हिरासत में लिया।

तीन नाबालिग भी निकले वारदात में शामिल

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, कैलाश ने तीन नाबालिग साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई पल्सर बाइक, मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया।

पुलिस ने बालिग आरोपी कैलाश उर्फ बिल्लू साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, तीनों नाबालिगों को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

Crime News
कांकेर से चल रहा था साइबर ठगी का खेल, 8 राज्यों में फैला नेटवर्क, 3.37 करोड़ की ठगी उजागर