

तलाक के बाद बालिग बेटा किसके साथ रहेगा, फैसला खुद करेगा।
21 वर्षीय बेटे से मिलने का अधिकार मांग रहे पिता की याचिका खारिज।
पिता ने पूर्व पत्नी पर बेटे से संपर्क बंद कराने का लगाया था आरोप।
हाईकोर्ट ने व्यक्तिगत स्वतंत्रता और स्वायत्तता को बताया महत्वपूर्ण।
अदालत किसी बालिग संतान को माता-पिता से मिलने के लिए बाध्य नहीं कर सकती।
Chhattisgarh High Court News: माता-पिता के तलाक के बाद बालिग संतान किसके साथ रहना चाहती है और किससे संपर्क रखना चाहती है, इसका फैसला उस पर ही छोड़ा जाना चाहिए। अदालत किसी बालिग बेटे को पिता या मां से मिलने के लिए बाध्य नहीं कर सकती। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि 21 वर्षीय बेटे के व्यक्तिगत जीवन और रिश्तों को लेकर निर्णय लेने का अधिकार उसी का है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने पिता की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने बेटे से मिलने का अधिकार दिलाने की मांग की थी।
मामले के अनुसार, दंपत्ति का विवाह 5 जून 2002 को हुआ था। शादी के बाद उनके यहां एक बेटे का जन्म हुआ। समय के साथ पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद बढ़ने लगे और दोनों ने अलग रहने का फैसला किया। इसके बाद 31 जनवरी 2023 को जांजगीर परिवार न्यायालय ने उनका तलाक मंजूर कर लिया। तलाक के बाद बेटे को किसके साथ रहना चाहिए, इसे लेकर दोनों के बीच सहमति नहीं बन सकी।
पिता का आरोप था कि तलाक के बाद भी वह अपने बेटे से मिलते रहे, लेकिन उनकी पूर्व पत्नी ने दोनों के बीच संपर्क बंद करा दिया। बेटे से मिलने का रास्ता बंद होने के बाद पिता ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और मुलाकात का अधिकार दिलाने की मांग की।
मामले की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बेटे की उम्र 21 वर्ष होने को महत्वपूर्ण माना। अदालत ने कहा कि बालिग व्यक्ति अपने व्यक्तिगत जीवन से जुड़े फैसले लेने में सक्षम है। वह किसके साथ रहना चाहता है और किससे संपर्क रखना चाहता है, यह उसकी अपनी पसंद का विषय है।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में व्यक्तिगत स्वतंत्रता और स्वायत्तता को महत्व देते हुए कहा कि माता-पिता की भावनात्मक अपेक्षाएं किसी बालिग संतान की स्वतंत्र इच्छा से ऊपर नहीं हो सकतीं। पिता अदालत के माध्यम से बेटे को मुलाकात के लिए बाध्य नहीं कर सकते।
इस आधार पर बेटे से मिलने के अधिकार की मांग वाली याचिका खारिज कर दी गई। कोर्ट ने इस फैसले यह संदेश दिया है कि माता-पिता का रिश्ता भले ही अदालत में खत्म हो जाए, लेकिन बालिग संतान का जीवन और उसके रिश्ते तय करने का अधिकार उसी के पास रहता है।