बिलासपुर में छठ की धूम, एक किमी लंबे अरपा घाट पर उमड़े हजारों श्रद्धालु, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

Bilaspur Chhath Puja : छठ महापर्व पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। तोरवा पुल के नीचे अरपा नदी के तट पर बने छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
Chhath Puja
बिलासपुर तोरवा पुल छठ घाटसोर्स— नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • अरपा घाट पर उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़।

  • व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य।

  • 36 घंटे के निर्जला व्रत की परंपरा निभाई।

  • ढोल-नगाड़ों और छठ गीतों से गूंजा घाट।

  • सुरक्षा, पार्किंग और पेयजल के पुख्ता इंतजाम।

Chhath Ghat at Torwa Bridge, Bilaspur : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छठ महापर्व पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। तोरवा पुल के नीचे अरपा नदी के तट पर बने छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक छठ गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो गया। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

छठ पूजा को लेकर घाट पर सुबह से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। व्रती महिलाएं सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, गन्ना और पूजन सामग्री सजाकर घाट पहुंचीं। नदी किनारे मिट्टी से चौरा बनाया गया और गन्ने का मंडप सजाकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की गई। जैसे-जैसे शाम ढली, अरपा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती गई। पूरे घाट पर भक्ति और उत्साह का माहौल नजर आया।

Chhath-Puja
बिलासपुर तोरवा पुल छठ घाटसोर्स— नवभारत लाइव

36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद सूर्य को अर्घ्य

छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय और खरना की परंपरा के साथ हुई। इसके बाद व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया गया। पर्व का समापन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद होगा। इसके साथ ही व्रती महिलाएं पूजा-पाठ और प्रसाद वितरण के बाद व्रत का पारण करेंगी।

बिना पंडित के होती है छठ पूजा

छठ पूजा की खासियत है कि इसमें पंडित की अनिवार्यता नहीं होती। श्रद्धालु स्वयं पारंपरिक विधि-विधान से भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। छठ पूजा समिति के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र दास ने बताया कि यह पर्व प्रकृति और सूर्य की आराधना का प्रतीक है। इसमें स्वच्छता, शुद्धता और आस्था का विशेष महत्व है। उत्तर प्रदेश से पहुंचीं प्रीति राय ने भी पड़ोसियों के साथ मिलकर पूजा की तैयारियों में सहयोग किया।

Chhath Puja
गोबरा नवापारा में करोड़ों के विकास कार्य बने सफेद हाथी, जिम से ई-लाइब्रेरी तक सब पर ताला

सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक किए गए इंतजाम

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजन समिति ने पार्किंग, प्रवेश द्वार, पेयजल, भोजन और ठहरने की व्यवस्था की थी। बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए बैटरी चालित वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वयंसेवकों के साथ पुलिस, नगर सेना और स्काउट-गाइड के सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं। नदी में एसडीआरएफ की टीम नाव के साथ तैनात रही। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

पूजा-अर्चना के साथ छठ घाट पर मेले जैसा माहौल रहा। जगह-जगह प्रसाद और पूजन सामग्री की रौनक दिखाई दी। लोकगीतों और छठी मैया के जयकारों के बीच पूरा अरपा तट आस्था के रंग में रंगा नजर आया।

Chhath Puja
छठ महापर्व पर तपकरा पहुंचे CM विष्णुदेव साय, व्रती महिलाओं के साथ दिया डूबते सूर्य को अर्घ्य