सोलर ठगी के दो आरोपी घेरे में, विवेक मिश्रा दुर्ग लाया गया, दूसरा गुजरात पुलिस की रिमांड पर

Bhilai Cyber ​​Fraud : बाजार से कम कीमत पर सोलर पैनल और इंस्टॉलेशन का दिया था झांसा, कारोबारी से RTGS-IMPS के जरिए ऐंठे 34 लाख रुपये, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच से हुआ खुलासा।
Bhilai Cyber ​​Fraud
भिलाई साइबर ठगीसोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • सस्ते सोलर पैनल और इंस्टॉलेशन का झांसा देकर 34 लाख की ठगी।

  • मुंबई की जेल में बंद आरोपी विवेक मिश्रा को दुर्ग पुलिस लाई।

  • दूसरे आरोपी आयुष उपाध्याय को गुजरात पुलिस रिमांड पर ले गई।

  • कारोबारी नवीन कुमार ने दर्ज कराई थी शिकायत।

  • पुलिस रिमांड पर विवेक से पूछताछ जारी।

Chhattisgarh Bhilai Cyber ​​Fraud : सस्ते दाम पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का झांसा देकर 34 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों तक दुर्ग पुलिस पहुंच गई है। मामले में पुलिस ने मुंबई की जेल में बंद आरोपी विवेक मिश्रा 27 वर्ष को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दुर्ग लाया है।

हालांकि इस प्रकरण में नामजद दूसरे आरोपी आयुष उपाध्याय को दुर्ग पुलिस अपने साथ नहीं ला सकी। उसे गुजरात पुलिस अपने एक अन्य मामले में रिमांड पर लेकर गई है। फिलहाल विवेक मिश्रा से पूछताछ के लिए दुर्ग पुलिस ने न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल की है।

सस्ते सोलर पैनल का लालच देकर कारोबारी से ऐंठे 34 लाख

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी नवीन कुमार ने 5 सितंबर 2026 को चौकी स्मृतिनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जून 2026 को मोबाइल फोन के माध्यम से स्नेहा और कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल नामक व्यक्तियों ने उनसे संपर्क किया। दोनों ने खुद को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई से संबंधित बताते हुए बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने और ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया।

व्यावसायिक लाभ का भरोसा दिलाकर आरोपियों ने प्रार्थी को अपने झांसे में लिया। इसके बाद प्रार्थी ने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई और कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित अपने खातों से IMPS और RTGS के जरिए कुल 34 लाख रुपये कंपनी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में ट्रांसफर करा दिए। रकम ट्रांसफर होने के बाद ठगी का पता चला।

Bhilai Cyber ​​Fraud
SDM के आदेश को भी नहीं मान रहे सरपंच-सचिव, 7.77 लाख की वसूली अटकी, अब प्रशासन क्या करेगा?

मोबाइल नंबर और बैंक खातों ने खोली ठगी की परतें

शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में धारा 318(4) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल और संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी जुटाई गई। तकनीकी साक्ष्यों और प्रार्थी के बयान के आधार पर विवेक मिश्रा और आयुष उपाध्याय के नाम सामने आए।

जांच में पता चला कि दोनों आरोपी मुंबई के बांगुर नगर थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 880/2026 के मामले में पहले से गिरफ्तार होकर सेंट्रल जेल मुंबई में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध थे।

विवेक को दुर्ग लाई पुलिस, आयुष को गुजरात पुलिस ले गई रिमांड पर

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चौकी स्मृतिनगर पुलिस ने मुंबई में स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित किया। जिला न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त करने और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी विवेक मिश्रा को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया।

वहीं दूसरे आरोपी आयुष उपाध्याय को गुजरात पुलिस अपने यहां दर्ज एक अन्य मामले में रिमांड पर लेकर चली गई। इस वजह से फिलहाल दुर्ग पुलिस की पूछताछ विवेक मिश्रा पर केंद्रित है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस रिमांड प्राप्त की गई है। अब पुलिस उससे 34 लाख रुपये की धोखाधड़ी, बैंक खातों में रकम के लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Bhilai Cyber ​​Fraud
भिलाई निगम की सभा में घोड़े पर पहुंचे भाजपा पार्षद संतोष मौर्य, बोले- भ्रष्टाचार पर जीत का प्रतीक