

बिलासपुर से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर हादसा।
दरचुरा के पास एक यात्री बस खड़े ट्रक से टकराई।
तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत, 10 लोग हुए घायल।
सुबह 5.30 बजे हुआ भीषण सड़क हादसा।
Chhattisgarh Road Accident: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर से रायपुर जाने वाले नेशनल हाईवे पर ग्राम दरचुरा के पास एक यात्री बस सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 से 10 लोगों के घायल होने की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करना पड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। रॉयल कंपनी की यात्री बस क्रमांक CG04 NM 0859 अंबिकापुर से रायपुर की ओर जा रही थी। बस में कुल 22 यात्री सवार थे। इसी दौरान ग्राम दरचुरा से पहले इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास सड़क पर खराब हालत में खड़े ट्रक से बस की टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। टक्कर इतनी गंभीर थी कि कुछ यात्री दुर्घटनाग्रस्त बस के अंदर ही फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए गैस कटर समेत अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है। घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए शासकीय अस्पताल सिमगा भेजा जा रहा है, जहां उनका उपचार किया जाना है।
पुलिस के मुताबिक खराब ट्रक सड़क पर खड़ा था और सुरक्षा के लिए वहां स्टॉपर लगाए गए थे। इसके बावजूद यात्री बस उससे टकरा गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस और बचाव दल राहत कार्य में जुटे हैं। मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी।