भाटापारा में बिजली विभाग ने चलाया चेकिंग अभियान, 26 लोगों के खिलाफ होगी FIR

Electricity Theft in Bhatapara : चोरी से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को भाटापारा शहर में विभाग की 10 टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।
Electricity Theft
छत्तीसगढ़ भाटापारा बिजली विभागसोर्स- एआई जनरेट
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बिजली विभाग की 10 टीमों ने चलाया चेकिंग अभियान।

  • अभियान के दौरान 119 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई।

  • 26 कनेक्शन मीटर के बजाय सीधे बिजली से चलते मिले।

  • विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत होगी कार्रवाई।

  • FIR के साथ विशेष न्यायालय में दर्ज होंगे प्रकरण।

Chhattisgarh Bhatapara Electricity Department : बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन कटने के बाद भी चोरी से बिजली इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ विद्युत विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को भाटापारा शहर में विभाग की 10 टीमों ने चेकिंग अभियान चलाया।

इस दौरान 119 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई, जिसमें 26 कनेक्शन ऐसे मिले, जिनमें मीटर के बजाय सीधे बिजली का उपयोग किया जा रहा था। विभाग अब इन सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है।

यह अभियान मुख्य अभियंता रायपुर ग्रामीण क्षेत्र ए.के. लखेरा के निर्देश पर चलाया गया। जांच के दौरान खासतौर पर उन बिजली कनेक्शनों को निशाने पर लिया गया, जिन्हें बकाया बिल के कारण ऑनलाइन माध्यम से पहले ही विच्छेदित किया जा चुका था। इसके बावजूद कुछ उपभोक्ता मीटर से छेड़छाड़ कर या सर्विस तार में सीधे कनेक्शन जोड़कर बिजली का इस्तेमाल कर रहे थे।

26 लोगों पर विद्युत अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

विद्युत विभाग के मुताबिक जांच में 26 कनेक्शन बिना मीटर के सीधे बिजली से चलते पाए गए। इन सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की जाएगी। संबंधित लोगों के खिलाफ थाने में अपराध दर्ज कराने के साथ ही प्रकरण विशेष न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता जी.पी. अनंत ने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में बिजली चोरी और अनियमित कनेक्शनों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया गया है। किसी भी उपभोक्ता के यहां अनियमितता मिलने पर विद्युत अधिनियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Electricity Theft
धान खरीदी की तैयारी पूरी, बिलासपुर के 154 और बस्तर के 417 केंद्र तैयार, 3100 रुपये भाव तय

बिजली बिल समय पर जमा करने की अपील

भाटापारा संभाग के कार्यपालन अभियंता वी.के. राठिया ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपना बिजली बिल नियमित और समय पर जमा करें, ताकि इस तरह की कार्रवाई से बचा जा सके।

वहीं शहर के सहायक अभियंता वासुदेव साहू ने बताया कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करने की अपील की।

इस जांच अभियान में बलौदाबाजार और भाटापारा संभाग के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता सहित विद्युत विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Electricity Theft
भाटापारा में पहले दिन की खरीदी के लिए 306 टोकन जारी, 13 नये केन्द्र से किसानों को मिलेगी सुविधा