

नवभारत डेस्क: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 15 जनवरी को स्थगित हुई नेट की परीक्षा की नई डेटशीट जारी कर दी है। यूजीसी-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (UGC-NET) 2024 की ये परीक्षा अब 21 और 27 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। एनटीए की तरफ से जारी किए गए आधिकारिक नोटिफिकेशन के मुताबिक, इस परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जल्द ही जारी किया जाएगा। पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तरफ से ये परीक्षा 15 जनवरी को होनी थी, लेकिन इसे स्थगित कर दिया गया था।
इसके बाद अब यह नई डेटशीट जारी की गई है। काफी संख्या में परीक्षार्थी डेटशीट का इंतजार कर रहे थे। यूजीसी-नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (UGC-NET) दिसंबर 2024 की होने वाली परीक्षा को 14 जनवरी को मकर संक्रांति और पोंगल की वजह से स्थगित कर दिया गया था। अब ये परीक्षा 21 और 27 जनवरी 2025 को होगी।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट एग्जाम पोस्टपोन करने के संबंध में नोटिस जारी किया था। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने यूजीसी नेट ऑफिशियल वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in पर ताजा अपडेट में यह नोटिस दिया था। इसमें बताया गया कि 15 जनवरी 2025 को होने वाली यूजीसी नेट की परीक्षा अब नई डेट में ली जाएगी। ये परीक्षा दिसंबर 2024 साइकिल के लिए आयोजित की जा रही है। 3 जनवरी 2025 से परीक्षाएं ली जा रही हैं, जिन्हें 16 जनवरी तक संचालित होना है। करियर से संबंधित सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट – NET) का आयोजन मास्टर डिग्री/ पोस्ट ग्रेजुएट स्टूडेंट्स के लिए किया जाता है। इसके जरिए अभ्यर्थियों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ), असिस्टेंट प्रोफेसर की जॉब और पीएचडी में एडमिशन की पात्रता मिलती है। फिलहाल यूजीसी नेट परीक्षा कुल 85 सब्जेक्ट्स के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी सीबीटी मोड में आयोजित की जाती है।