Patna High Court Recruitment 2026: पटना हाई कोर्ट में असिस्टेंट के 68 पदों पर भर्ती, 27 अगस्त तक करें आवेदन

Patna High Court Assistant Vacancy : पटना हाई कोर्ट ने ग्रुप C एक्स-कैडर असिस्टेंट के 68 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
Patna High Court has invited online applications for 68 Group C Ex-Cadre Assistant posts, with the application deadline set for August 27, 2026.
पटना हाई कोर्ट (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

High Court Jobs : पटना हाई कोर्ट ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ग्रुप C एक्स-कैडर असिस्टेंट पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 68 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी, जिनमें 23 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

इच्छुक एवं योग्य उम्मीदवार 27 अगस्त 2026 तक पटना हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-4 वेतनमान के तहत 25,500 रुपये से 81,100 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन मिलेगा।

पटना हाई कोर्ट में 68 पदों पर भर्ती

इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (Graduation) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके साथ ही किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कंप्यूटर एप्लिकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा या सर्टिफिकेट होना भी आवश्यक है।

आयु सीमा की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि अधिकतम आयु वर्ग के अनुसार अलग-अलग तय की गई है।

सामान्य और ईडब्ल्यूएस पुरुष उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 37 वर्ष, सामान्य और ईडब्ल्यूएस महिला तथा बीसी/ईबीसी वर्ग के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए 40 वर्ष, जबकि एससी/एसटी वर्ग के पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है।

आवेदन 27 अगस्त 2026 तक किए जाएंगे

चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट और इंटरव्यू शामिल होंगे। यदि आवेदनों की संख्या अधिक होती है तो प्रारंभिक परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। लिखित परीक्षा में जनरल इंग्लिश, जनरल हिंदी, रीजनिंग एवं क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, जनरल अवेयरनेस और कंप्यूटर अवेयरनेस से कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।

भर्ती परीक्षा की अवधि 90 मिनट होगी और प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग लागू होगी। इसके बाद कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी टेस्ट में 50 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसमें सफल होने के लिए कम से कम 20 अंक लाना अनिवार्य होगा।

अंतिम चरण में 10 अंकों का इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा और अंतिम मेरिट सूची लिखित परीक्षा तथा साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com