DU UG एडमिशन 2026, पहली सीट आवंटन सूची आज जारी, 18 जुलाई तक सीट स्वीकार करने का मौका

DU UG Admission 2026 की पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट आज शाम 5 बजे जारी होगी। चयनित छात्र 18 जुलाई तक सीट स्वीकार कर सकेंगे। जानें पूरी प्रक्रिया, जरूरी तारीखें और Freeze-Upgrade विकल्प।
du ug admission 2026 first seat allotment list seat acceptance last date
सांकेतिक फोटो (सोर्स-AI)
Updated on

DU UG Admission 2026 First Seat Allotment List: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में अंडरग्रेजुएट (UG) एडमिशन 2026 का अगला और सबसे अहम चरण शुरू होने जा रहा है। रजिस्ट्रेशन, कोर्स चयन और कॉलेज प्रेफरेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब छात्रों को पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट का इंतजार है। विश्वविद्यालय आज 16 जुलाई शाम 5 बजे पहली अलॉटमेंट लिस्ट जारी करेगा। इसके बाद जिन छात्रों को सीट मिलेगी, उन्हें तय समय सीमा के भीतर उसे स्वीकार करना होगा।

आज शाम 5 बजे जारी होगी पहली अलॉटमेंट लिस्ट

DU की पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट 16 जुलाई शाम 5 बजे कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल पर जारी की जाएगी। सीटों का आवंटन छात्रों के CUET स्कोर, कॉलेज और कोर्स की प्रेफरेंस के आधार पर किया जाएगा। लिस्ट जारी होने के बाद छात्र अपने लॉगिन के जरिए देख सकेंगे कि उन्हें किस कॉलेज और किस कोर्स में सीट मिली है।

18 जुलाई तक सीट स्वीकार करनी होगी

पहली लिस्ट में सीट मिलने वाले उम्मीदवार 16 जुलाई शाम 5 बजे से 18 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार (Accept) कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित कॉलेज 20 जुलाई शाम 4:59 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन की मंजूरी देंगे। जिन छात्रों का एडमिशन स्वीकृत होगा, उन्हें 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक एडमिशन फीस जमा करनी होगी।

सीट स्वीकार नहीं करने पर खत्म हो जाएगा मौका

यदि किसी छात्र का नाम पहली अलॉटमेंट लिस्ट में आता है और वह निर्धारित समय के भीतर सीट स्वीकार नहीं करता है, तो वह उस राउंड की एडमिशन प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। इसलिए जिन छात्रों को सीट आवंटित हो, उन्हें समय रहते अपना फैसला लेना जरूरी होगा।

सीट फ्रीज करने का क्या मतलब है?

सीट स्वीकार करने के बाद छात्रों के पास Freeze और Upgrade का विकल्प होगा। यदि कोई छात्र Freeze का विकल्प चुनता है, तो इसका मतलब होगा कि उसने उसी कॉलेज और कोर्स में एडमिशन पक्का कर लिया है। इसके बाद उसका नाम अगले सीट अलॉटमेंट राउंड में शामिल नहीं किया जाएगा।

Upgrade चुनने पर मिल सकता है बेहतर कॉलेज या कोर्स

अगर किसी छात्र को पहली लिस्ट में पसंद का कॉलेज या कोर्स नहीं मिलता है, तो वह सीट स्वीकार करने के बाद Upgrade का विकल्प चुन सकता है। इस स्थिति में छात्र की मौजूदा सीट सुरक्षित रहेगी और उसे अगले राउंड में अपनी उच्च प्राथमिकता वाले कॉलेज या कोर्स मिलने का मौका भी मिलेगा।

कॉलेज से ज्यादा कोर्स को दें प्राथमिकता

PGDAV कॉलेज (सांध्य) के पूर्व प्राचार्य और एडमिशन एक्सपर्ट प्रो. रवींद्र गुप्ता का कहना है कि छात्रों को एडमिशन के दौरान कॉलेज की बजाय कोर्स को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनके अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय के अधिकांश कॉलेजों में पढ़ाई का स्तर अच्छा है। ऐसे में यदि पसंद का कोर्स मिल रहा है, तो केवल कॉलेज के नाम की वजह से उसे छोड़ना सही फैसला नहीं होगा।

दूसरे राउंड की सीट अलॉटमेंट 25 जुलाई को

पहले राउंड के बाद DU 25 जुलाई दोपहर 12 बजे दूसरी सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी करेगा। इस सूची में चयनित उम्मीदवार 26 जुलाई तक अपनी सीट स्वीकार कर सकेंगे, जबकि फीस जमा कराने की अंतिम तारीख 28 जुलाई निर्धारित की गई है।

छात्रों के लिए जरूरी सलाह

पहली सीट अलॉटमेंट लिस्ट जारी होने के बाद छात्र अपने CSAS पोर्टल पर लॉगिन करके सीट की स्थिति जरूर जांचें। यदि सीट मिलती है, तो तय समय के भीतर Accept, Freeze या Upgrade का विकल्प सोच-समझकर चुनें, क्योंकि समय सीमा खत्म होने के बाद बदलाव का मौका नहीं मिलेगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com