

CBSE New Chairman Lokhande Prashant Sitaram: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम और री-इवैल्युएशन पोर्टल की गड़बड़ी को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने CBSE के पुराने चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला करते हुए नए चेयरमैन का ऐलान कर दिया है। सीबीएसई के नए चेयरमैन अब लोखंडे प्रशांत सीताराम होंगे। साथ ही 2008 बैच के IIS अधिकारी वरुण भारद्वाज को नया सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके साथ ही, ओएसएम सेवाओं की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक विशेष जांच समिति का गठन भी किया गया है। वहीं, सीबीएसई के वर्तमान चेयरमैन राहुल सिंह को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
सरकार द्वारा यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा विशेषज्ञों की ओर से ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता, उत्तर पुस्तिकाओं के डिजिटल मूल्यांकन और परिणामों की सटीकता को लेकर कई शिकायतें सामने आई थीं। नीट यूजी पेपर लीक मामले में सरकार पहले ही बैकफुट पर है। अब ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद सरकार पर दबाव बढ़ गया था। सरकार के इस कदम को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
बढ़ती शिकायतों और विवादों के बीच केंद्र सरकार ने न केवल प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किया है, बल्कि ओएसएम सेवाओं की खरीद और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं की गहन जांच कराने का भी फैसला लिया है। माना जा रहा है कि जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद मूल्यांकन प्रणाली में आवश्यक सुधारों पर भी विचार किया जा सकता है।
सीबीएसई कमान संभालने से ठीक पहले वे देश के गृह मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण पद पर तैनात थे। लोखंडे प्रशांत सीताराम 2001 बैच के केंद्र शासित प्रदेश कैडर के एक तेज-तर्रार IAS ऑफिसर रहे हैं। उन्हें अतिरिक्त सचिव के स्तर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। बेहतरीन और ईमानदार विशिष्ट सेवाओं के लिए वे दो बार राज्य स्वर्ण पदक से सम्मानित भी हो चुके हैं।
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उन्होंने पुणे यूनिवर्सिटी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. (B.E.) की डिग्री हासिल की और इसके बाद प्रसिद्ध संस्थान एनआईटीआईई (NITIE) मुंबई से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा भी किया।