आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स में 2,615 पदों पर भर्ती, 10वीं से ग्रेजुएशन तक वालों को मौका, 24 अगस्त से आवेदन

Army Ordnance Corps Vacancy 2026: आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स (AOC) में 2,615 ग्रुप सी पदों पर भर्ती का मौका है। 10वीं, 12वीं और ग्रेजुएशन पास उम्मीदवार 24 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
Army Ordnance Corps Vacancy 2026
आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स में 2,615 ग्रुप सी पदों पर भर्ती (सोर्स-एआई नीर्मित)
Updated on

AOC Defence Jobs Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रक्षा क्षेत्र से जुड़ी एक बड़ी भर्ती सामने आई है। आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स (AOC) ने ग्रुप 'सी' के विभिन्न सिविलियन पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी जारी की है। दी गई जानकारी के अनुसार, इस भर्ती अभियान के तहत कुल 2,615 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी। इनमें ट्रेड्समैन मेट, फायरमैन, जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (JOA), मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) और मटीरियल असिस्टेंट के पद शामिल हैं।

खास बात यह है कि अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग निर्धारित की गई है। ट्रेड्समैन मेट, फायरमैन और एमटीएस के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जबकि जेओए पद के लिए 12वीं पास के साथ टाइपिंग स्किल जरूरी होगी। मटीरियल असिस्टेंट पद के लिए ग्रेजुएशन की योग्यता मांगी गई है। आईए जानते हैं इसकी भर्ती प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी।

किन पदों पर होगी भर्ती?

आर्मी ऑर्डनेंस कॉर्प्स की ओर से जारी भर्ती में कुल 2,615 पद शामिल हैं। इनमें ट्रेड्समैन मेट के 1,799, फायरमैन के 508, जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (JOA) के 104, मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के 142 और मटीरियल असिस्टेंट के 50 पद बताए गए हैं।

10वीं से ग्रेजुएशन तक वालों को मौका

ट्रेड्समैन मेट, फायरमैन और मल्टी-टास्किंग स्टाफ पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिकुलेशन यानी 10वीं पास होना जरूरी है। जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के लिए 12वीं पास होने के साथ अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड मांगी गई है। वहीं, मटीरियल असिस्टेंट पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री जरूरी बताई गई है।

24 अगस्त से शुरू होगा आवेदन

इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 अगस्त से शुरू होने की जानकारी दी गई है। इच्छुक उम्मीदवार आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद एओसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 22 सितंबर निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

पद के अनुसार होगा चयन

इस पद के लिए उम्मीदवारों का चयन भर्ती प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों के आधार पर किया जाएगा। इसमें लिखित परीक्षा मुख्य चरण होगी। ट्रेड्समैन मेट और फायरमैन जैसे पदों के लिए पद की प्रकृति के अनुसार शारीरिक दक्षता परीक्षा भी आयोजित की जाएगी। वहीं, जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पद के उम्मीदवारों को टाइपिंग टेस्ट देना होगा। इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

कितनी मिलेगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार वेतन दिया जाएगा। दी गई जानकारी के अनुसार, इन पदों पर सैलरी करीब 18,000 रुपये से लेकर 92,300 रुपये प्रतिमाह तक हो सकती है। वेतन के अलावा पात्र कर्मचारियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।

Army Ordnance Corps Vacancy 2026
NTPC Recruitment 2026: एनटीपीसी में डिप्टी मैनेजर के 135 पदों पर भर्ती, 12 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन

आवेदन से पहले नोटिफिकेशन जरूर देखें

उम्मीदवार ध्यान दें कि भर्ती की आयु सीमा, आरक्षण, आवेदन शुल्क, क्षेत्रवार रिक्तियां, परीक्षा पैटर्न और अन्य पात्रता शर्तों की पूरी जानकारी विस्तृत आधिकारिक विज्ञापन में दी जाएगी। इसलिए आवेदन लिंक सक्रिय होने से पहले एओसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले विस्तृत नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ना जरूरी होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com