

VB-G RAM G law implementing from today: केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विकसित भारत-रोजगार और आजिविका मिशन गारंटी (ग्रामीण) अधिनियम, 2025 (वीबी-जी राम-जी) के तहत संशोधित मजदूरी दर को अधिसूचित कर दिया है। यह नया कानून 1 जुलाई 2026 से लागू हो रहा है। नई ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत सरकार ने औसत मजदूरी को बढ़ाकर 327.4 रुपये प्रतिदिन कर दिया है, जो इससे पहले मनरेगा के तहत 298.8 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से तय था। संशोधित दर में औसतन 28.6 रुपये प्रतितिन की बढ़ोतरी हुई है।
ग्रामीण मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि एक जुलाई से प्रभावी नई मजदूरी दरें देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में काम करने वाले मजदूरों पर लागू रहेगा। मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी में यह भी बताया गया कि 300 रुपये प्रतिदिन की नई अंतरिम आधार मजदूरी दर की गई है, जिससे यह तय होगा कि योजना के तहत अधिसूचित कोई भी मजदूरी दर इससे कम न हो। सरकार के मुताबिक, पूरे देश में औसत मजदूरी दर में 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है।
ग्रामीण विकास मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी में कहा गया है कि नया नियम पात्र ग्रामीण परिवारों को 125 दिन तक की मजदूरी आधारित रोजगार की कानूनी गारंटी देता है, जबकि इससे पहले यह सीमा केवल 100 दिनों की थी। नए संशोधन के तहत 21 राज्यों और प्रशासनिक इकाइयों में मजदूरी को बढ़ाकर 300 रुपये की नई अंतरिम आधार दर तक पहुंचाया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल, झारखंड और असम जैसे राज्यों में मजदूरी दर 15 से 25 फीसदी तक बढ़ जाएगी। अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में सबसे अधिक करीब 24.5 फीसदी की वृद्धि हुई है।
'विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी (ग्रामीण) अधिनियम के तहत संशोधित मजदूरी दरों पर सरकार ने कहा कि ऐसा स्ट्रक्चर बनाया गया है कि जिन राज्यों में पहले मजदूरी दर कम था, उन्हें अब अधिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पहले से अधिक मजदूरी वाले राज्यों में भी बढ़ोतरी होगी।
नए कानून को लेकर केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि केंद्र सरकार का असली मकसद है कि ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाला कोई भी पात्र मजूदर काम से वंचित न रह जाए। उन्होंने आगे कहा कि 'वीबी-जी राम-जी एक्ट का लागू होना समृद्ध गांवों के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि केंद्र और राज्य सराकरें मिलकर इस एक्ट को जमीनी स्तर पर लागू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।