TCS को लगा सबसे बड़ा झटका, टॉप-10 कंपनियों के मार्केट कैप में भारी सेंध; जानें किसे हुआ फायदा और किसे नुकसान

Share Market: भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछला सप्ताह काफी चुनौतीपूर्ण रहा, जिसका सबसे गहरा असर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) पर पड़ा। मार्केट कैप के लिहाज से कंपनी को बड़ा नुकसान हुआ।
tata consultancy services
(प्रतीकात्मक तस्वरी)
Published on
Updated on

Sensex Top-10 Companies Market Capital: इस हफ्ते शेयर बाजार में गिरावट के बीच देश की दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के मार्केट कैप में 90,198.92 करोड़ रुपये की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही कंपनी का कुल मार्केट कैप घटकर 9,74,043.43 करोड़ रुपये रह गया। इस अवधि में टीसीएस देश की शीर्ष कंपनियों में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाली कंपनी बनकर उभरी। व्यापक बिकवाली के माहौल में शीर्ष 10 में शामिल छह कंपनियों का संयुक्त बाजार पूंजीकरण 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक घट गया।

बीएसई का प्रमुख सूचकांक 953.64 अंक यानी 1.14 प्रतिशत गिरा, जिससे निवेशकों का कमजोर भरोसा साफ नजर आया। आईटी सेक्टर की जिन कंपनियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ उनमें टीसीएस और इंफोसिस शामिल हैं, जिनके मूल्यांकन में भारी गिरावट देखी गई।

इंफोसिस का मार्केट 70,780.23 करोड़ कम हुआ

इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 70,780.23 करोड़ रुपये घटकर 5,55,287.72 करोड़ रुपये रह गया। आईटी शेयरों में आई गिरावट का असर पूरे बाजार पर पड़ा। निजी क्षेत्र के बैंक एचडीएफसी बैंक के मूल्यांकन में भी 54,627.71 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 13,93,621.92 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप भी 41,883 करोड़ रुपये घटकर 19,21,475.79 करोड़ रुपये रह गया, हालांकि वह अब भी पहले स्थान पर कायम है।

भारती एयरटेल को 19,244.61 करोड़ का नुकसान

वहीं, भारतीय जीवन बीमा निगम का मार्केट कैप 23,971.74 करोड़ रुपये घटकर 5,46,226.80 करोड़ रुपये हो गया, जबकि भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में 19,244.61 करोड़ रुपये की गिरावट आई, जिससे इसका कुल मार्केट कैप 11,43,044.03 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, सभी कंपनियों के लिए यह हफ्ता नुकसान भरा नहीं रहा। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एसबीआई का मार्केट कैप 1,22,213.38 करोड़ रुपये बढ़कर 11,06,566.44 करोड़ रुपये हो गया और यह सबसे ज्यादा लाभ कमाने वाली कंपनी रही।

बजाज फाइनेंस की कमाई में हुई बढ़ोतरी

बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 26,414.44 करोड़ रुपये बढ़कर 6,37,244.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुर्बो का मार्केट कैप 14,483.9 करोड़ रुपये बढ़कर 5,74,028.93 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में भी 5,719.95 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई और यह 10,11,978.77 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

रिलायंस देश की सबसे मूल्यवान कंपनी

बाजार में गिरावट के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी रही। इसके बाद देश की टॉप 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों की रैंकिंग में एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, इंफोसिस और एलआईसी का स्थान रहा।

Navbharat Live
navbharatlive.com