1 लाख करोड़ निवेश करने जा रही है टाटा ग्रुप की ये कंपनी, शेयर में दिखेगा उछाल!

कंपनी के 2030 के लक्ष्यों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य परिचालन क्षमता को 31.9 गीगावाट तक बढ़ाना है, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 23 गीगावाट होगी।
TATA Power
साल 2030 तक 1.46 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेगी टाटा पावर
Published on
Updated on

नई दिल्ली: टाटा पावर मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक प्रवीर सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी 2030 तक अपनी परिचालन क्षमता को दोगुना करने की योजना बना रही है। उन्होंने बताया की टाटा पावर अपनी क्षमता 32 गीगावाट करने के लिए करीब 1.46 लाख करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बना रही है। तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में कंपनी के सेल मॉड्यूल संयंत्र में पत्रकारों से बातचीत में सिन्हा ने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 में टाटा पावर की स्थापित क्षमता 15.6 गीगावाट थी, जिसमें से 6.7 गीगावाट नवीकरणीय ऊर्जा की थी।

कंपनी के 2030 के लक्ष्यों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य परिचालन क्षमता को 31.9 गीगावाट तक बढ़ाना है, जिसमें नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 23 गीगावाट होगी। सिन्हा ने कहा कि टाटा पावर ऊर्जा क्षेत्र में इस क्षेत्र के लिए देश के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पारेषण क्षेत्र में भी काम कर रही है। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2023-24 में अपनी पारेषण लाइन क्षमता को 4,633 सीकेएम (सर्किट किलोमीटर) से बढ़ाकर 10,500 सीकेएम करने की है।

वर्ष 2025-30 तक 1,46,000 करोड़ रुपये की योजना

टाटा पावर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने कहा कि वितरण मोर्चे पर टाटा पावर का लक्ष्य ग्राहक आधार को 1.25 करोड़ से चार करोड़ तक पहुंचना है। टाटा पावर ने वित्त वर्ष 2025-30 के लिए 1,46,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय की योजना बनाई है। चालू वित्त वर्ष 2024-25 के लिए पूंजीगत व्यय 21,000 करोड़ रुपये और अगले वित्त वर्ष के लिए 26,000 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि इस दौरान हमारा 60 प्रतिशत पूंजीगत व्यय नवीकरणीय ऊर्जा पर खर्च किया जाएगा।

4,300 करोड़ रुपये के निवेश से की गई है

इसके अलावा सिन्हा ने बताया कि तमिलनाडु में सेल एवं मॉड्यूल संयंत्र की स्थापना इसकी अनुषंगी की अनुषंगी कंपनी टीपी सोलर लिमिटेड के जरिये 4,300 करोड़ रुपये के निवेश से की गई है। इस 317 एकड़ क्षेत्र में फैली इकाई की क्षमता 4.3 गीगावाट सेल और 4.3 गीगावाट मॉड्यूल विनिर्माण की है। उन्होंने कहा कि यह इकाई देश में एक ही स्थान पर सबसे बड़ी सेल और मॉड्यूल विनिर्माण सुविधाओं में से एक है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com