

मुंबई: एग्जिट पोल में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को बढ़त मिल रही है, जिसका नतीजा शेयर बाजार पर भी देखने को मिला। सोमवार को सेंसेक्स करीब 2 हजार अंकों की बढ़त के साथ खुला, वहीं निफ्टी में भी करीब 1 हजार अंक की बढ़त देखने को मिली। ऐसे में यह अंदाजा लगाना कठिन नहीं है कि एग्जिट पोल के नतीजे अगर सच साबित होते हैं, तो चुनावी नतीजे के दिन भी बाजार में बढ़त जारी रह सकती है। वहीं अगर इंडिया गठबंधन का दावा सही होता है और इंडिया गठबंधन चुनाव के नतीजे में बढ़त बनाता है तो शेयर बाजार औंधे मुंह गिर सकता है। 4 जून के दिन शेयर बाजार में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
एग्जिट पोल के बाद क्यों उछला शेयर बाजार
एग्जिट पोल के बाद जिस तरह से शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है, यह चौकाने वाली बात नहीं है। पहले से ही अंदाजा लगाया जा रहा था कि अगर भाजपा तीसरी बार सत्ता में आती है तो शेयर बाजार में बढ़त देखने को मिल सकती है। दरअसल वर्तमान सरकार की उच्च विकास दर और नई योजनाओं का शेयर मार्केट पर अच्छा असर पड़ा है और यही कारण है कि पिछले कई दिनों से लगातार शेयर मार्केट में उछाल देखने को मिल रहा है।
सच हुई पीएम मोदी की भविष्यवाणी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में यह भविष्यवाणी की थी कि चुनाव के नतीजे के दिन शेयर मार्केट अपने पुराने सारे रिकॉर्ड को तोड़ देगा और उच्चतम स्तर पर पहुंच जाएगा। 4 जून के 1 दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भविष्यवाणी सच साबित हो गई है और शेयर मार्केट ने अपने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और एक नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया है।
चुनाव नतीजे के दिन क्या होगा बाजार का हाल
चुनाव के नतीजे आने में कुछ घंटे ही शेष बचे हैं लेकिन शेयर बाजार नए रिकॉर्ड की ओर आगे बढ़ चुका है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर एग्जिट पोल के नतीजे सच साबित होते हैं तो शेयर बाजार की यह बढ़त बरकरार रहेगी। नवभारत के बिजनेस एडिटर विष्णु शर्मा ने बताया कि पहले से ही अंदाजा लगा दिया गया था कि एग्जिट पोल के बाद बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिलेगा और वह सच साबित भी हुआ है। विष्णु शर्मा ने यह भी बताया कि अगर इंडिया गठबंधन का दावा सही साबित होता है यानी अगर वो सत्ता में आते हैं तो बाजार औंधे मुंह गिर सकता है। कुल मिलाकर 4 जून को शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर देखने को मिलेगा यानी मार्केट में फ्लकचुएशन बना रहेगा।