

बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ।
इस दौरान, बैंकिंग, फाइनेंशियल और एफएमसीजी शेयरों में तेजी के चलते सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल देखी गई।
बाजार बंद होने के समय, बीएसई सेंसेक्स 1,502.29 अंकों यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 पर पहुंच गया।
Share Market Closing Update 25th November: सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर शानदार बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ। इस दौरान, बैंकिंग, फाइनेंशियल और एफएमसीजी शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 में 1.8 प्रतिशत से ज्यादा की उछाल देखने को मिली। बाजार बंद होने के समय, बीएसई सेंसेक्स 1,502.29 अंकों यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी 50 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,819.25 पर बंद हुआ।
दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने जहां अपने पिछले बंद 82,435.99 की तुलना में 2,062.22 अंकों यानी 2.50 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 84,498.21 का उच्चतम स्तर छुआ, वहीं निफ्टी 50 ने अपने पिछले बंद 25,349.65 की तुलना में 602 अंकों यानी 2.37 प्रतिशत उछलकर 25,951.65 का दिन का हाई टच किया।
इस बीच, निफ्टी 50 इंडेक्स में हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.08 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके बाद टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में 4.66 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ में 4.58 प्रतिशत, नेस्ले इंडिया, इंडिगो, ट्रेंट, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा और ये दिन के टॉप गेनर्स की लिस्ट में शामिल रहे।
वहीं इसके विपरीत, टाटा स्टील, मैक्स हेल्थ, हिंडाल्को, जेएसडब्ल्यू स्टील, श्रीराम फाइनेंस और भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजारों में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.30 प्रतिशत बढ़ा, तो वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.44 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं सेक्टरवार देखें तो निफ्टी एफएमसीजी में 3.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे बेहतर परफॉर्म किया। इसके बाद निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 2.2 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा इंडेक्स 2.4 प्रतिशत, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 2.2 प्रतिशत, निफ्टी ऑटो 1.16 प्रतिशत और निफ्टी आईटी इंडेक्स में 1.12 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मीडिया में 4.4 प्रतिशत, निफ्टी मेटल्स में 2.04 प्रतिशत और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.13 प्रतिशत की गिरावट आई।
निफ्टी के तकनीकी आउटलुक पर टिप्पणी करते हुए बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि सोमवार के सत्र में प्रॉफिट बुकिंग के बाद बुधवार को इंडेक्स में जोरदार रिकवरी देखने को मिली और इसने 25,650 के महत्वपूर्ण स्तर को फिर से हासिल कर लिया।
एक बाजार विशेषज्ञ ने कहा कि कुल मिलाकर, तेजी का रुझान बरकरार है। इसमें 25,650 पर तत्काल सपोर्ट है, जबकि 26,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर पर रेजिस्टेंस है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर इंडेक्स 26,000 के स्तर को मजबूती से पार कर लेता है तो यह 26,500 के अगले ऊपरी लक्ष्य तक पहुंचने का रास्ता खोल सकता है।
प्रमुख क्षेत्रों (हेवीवेट सेक्टर्स) में आई तेजी के दम पर पूरे सत्र के दौरान बाजार का सेंटिमेंट सकारात्मक बना रहा। इस तेजी में फाइनेंशियल शेयरों का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिसमें प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर के बैंकों में व्यापक खरीदारी देखने को मिली।
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यह तेजी निवेशकों के बीच जोखिम लेने की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है। इसमें वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों और ब्याज दरों के प्रति संवेदनशील (रेट-सेंसिटिव) क्षेत्रों में हुई खरीदारी का भी योगदान रहा। बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच, निवेशकों ने सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर कंज्यूमर-केंद्रित शेयरों में भी दिलचस्पी दिखाई।
इस बीच, बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में जोरदार उछाल आया। छुट्टी के बाद रुपए में लगभग 70 पैसे की मजबूती आई और यह सात महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। यूएसडी/आईएनआर का इंट्रा-डे निचला स्तर 92.39 दर्ज किया गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, रुपए में मजबूती का यह सिलसिला आगे भी जारी रह सकता है, जिसमें अगला लक्ष्य 91.40 से 90.00 के स्तर के आसपास हो सकता है।