

SBI Free ATM Service In Strike: बैंक कर्मचारियों की हड़ताल को ध्यान में रखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने ग्राहकों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। दरअसल, बैंक ने 28 से 30 सितंबर तक के लिए सभी एटीएम लेनदेन को फ्री कर दिया है। एसबीआई ने यह कदम ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उठाया है, जिससे हड़ताल की अवधि में लेनदेन करने में कोई परेशानी न हो।
भारतीय स्टेट बैंक की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर की गई पोस्ट में बताया गया कि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान भी आपकी बैंकिंग जरूरतों के लिए एसबीआई की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
एक्स पोस्ट में बैंक की ओर से आगे कहा गया है कि बैंकिंग सेवाओं को सुविधाजनक बनाने के लिए एसबीआई पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसके तहत 28 से 30 सितंबर, 2026 तक एटीएम शुल्क माफ रहेगा। ग्राहकों द्वारा किसी भी बैंक के एटीएम के माध्यम से लेनदेन करने पर कोई चार्ज नहीं वसूला जाएगा।
बैंक ने आगे कहा कि हड़ताल के चलते ग्राहकों की सुविधाओं के लिए सभी ब्रांच रविवार को भी खुली रहेंगी। इसके अलावा, हड़ताल की अवधि में यूपीआई, आईएमपीएस, आटीजीएस और एनईएफटी भुगतान जैसी ऑनलाइन भुगतान की सुविधाएं यथावत जारी रहेंगी।
इससे पहले बुधवार को वित्त मंत्रालय की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। यह हड़ताल 26 और 27 सितंबर की वीकेंड की छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है, इसलिए सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले से ही जरूरी कदम उठाए हैं।
यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर 2026 को सामान्य रूप से काम करेंगे।
आपको बता दें कि देशभर के बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक, तीन दिनों के लिए हड़ताल पर जा रहे हैं। जिसका मुख्य कारण लंबे समय से लंबित 5-डे वर्किंग (सप्ताह में 5 दिन काम) की मांग और पेंशन से जुड़े सुधारों को लागू न किया जाना है।