PhysicsWallah पर इनकम टैक्स का शिकंजा! विभाग ने ₹263 करोड़ का भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा विवाद

PhysicsWallah Tax Notice: इस मामले में फिजिक्सवाला की ओर से सफाई दी गई है। कंपनी ने कहा है कि इस टैक्स डिमांड से कंपनी की वित्तीय स्थिति, कामकाज या व्यापारिक गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।
PhysicsWallah पर इनकम टैक्स का शिकंजा! विभाग ने 263 करोड़ का भेजा नोटिस, जानें क्या है पूरा विवाद
(कॉन्सेप्ट फोटो)
Published on
Updated on

Income Tax Notice to PhysicsWallah: देश की दिग्गज एडटेक कंपनी फिजिक्सवाला को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए 263.34 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स डिमांड नोटिस मिला है। इस मामले पर कंपनी का कहना है कि विभाग ने उस अवधी के दौरान निवेशकों से मिले फंड को टैक्सेबल इनकम मान लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी आयकर विभाग के इस नोटिस को चुनौती देने की प्लान कर रही है। स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी में कंपनी ने इस बात का खुलासा किया है।

कंपनी के मुताबिक, उन्हें यह असेसमेंट ऑर्डर और डिमांड नोटिस 16 मार्च को मिला। आयकर विभाग की असेसमेंट यूनिट ने वित्त वर्ष 2023-24 (AY 2023-24) के दौरान कंपनी को मिले निवेश को टैक्सेबल इनकम मान लिया है। इसमें सेबी के तहत रजिस्टर्ड 'कैटेगरी II अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड्स' से मिले फंड भी शामिल हैं, जिसके कारण विभाग ने यह भारी-भरकम टैक्स डिमांड निकाली है।

'फिजिक्सवाला' ने क्या कहा?

इस मामले में फिजिक्सवाला की ओर से सफाई दी गई है। कंपनी ने कहा है कि इस टैक्स डिमांड से कंपनी की वित्तीय स्थिति, कामकाज या व्यापारिक गतिविधियों पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। कंपनी का मानना है कि उनके पास इस आदेश को चुनौती देने के लिए मजबूत कानूनी और तथ्यात्मक आधार हैं। वे जल्द ही संबंधित अपीलीय प्राधिकरण के समक्ष इसके खिलाफ अपील दायर करेंगे।

तेजी बढ़ रहा बिजनेस ग्राफ

दिसंबर क्वार्टर में कंपनी का समेकित लाभ (consolidated profit) 33 प्रतिशत बढ़कर 102.27 करोड़ रुपये हो गया (पिछले साल यह 76.72 करोड़ रुपये था)। ऑपरेशंस से होने वाली कमाई भी 33 प्रतिशत बढ़कर 1,082.41 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। कंपनी के कुल पेड यूजर्स की संख्या 36 लाख से बढ़कर 43.7 लाख हो गई है।

2020 में हुई थी शुरुआत

फिजिक्सवाला की स्थापना साल 2020 में अलख पाण्डे और प्रतीक माहेश्वरी ने की थी। आज फिजिक्सवाला केवल ऑनलाइन कोचिंग तक सीमित नहीं रहना चाहता। कंपनी ने अपनी विस्तार योजनाओं का भी ऐलान किया है। कंपनी 'PhysicsWallah Student Housing' नाम से नई सहायक कंपनी बना रही है, जो प्रमुख शहरों में छात्रों को हॉस्टल सुविधाएं देगी। कंपनी ने 'Kay Wellness' में 1.5 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 50% हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com