सोना 1.15 लाख के पार, चांदी में आया भारी उछाल, दशहरे से पहले ग्राहकों को लगा बड़ा झटका

Gold-Silver Rate: दशहरे से पहले सोना और चांदी के दामों में तेज उछाल से ग्राहकों को झटका लगा है। सोना 1,15,500 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,45,000 रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है।
Gold-Silver Price
सोने और चांदी का भाव (कॉन्सेप्ट फोटो)
Updated on

Gold And Silver Prices On Dussehra: सोना और चांदी के भाव रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। दोनों की कीमत रॉकेट की रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं। रोज मार्केट में सोना और चांदी के दाम बढ़ रहे हैं। ऐसे में ग्राहक असमंजस में पड़ चुके हैं कि सोने और चांदी की कीमत जिस तरीके से बढ़ रही हैं, क्या इसी तरीके से भाव घटेगा या फिर बढ़ता चला जाएगा। लोगों को आगे राहत मिलेगी भी या नहीं।

दोनों कीमती धातुओं ने दशहरा के पहले ही ग्राहकों को तगड़ा झटका दे दिया है। जो सोना शनिवार को 1,14,100 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था वह सोमवार को 1,400 रुपये महंगा होकर 1,15,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

वहीं चांदी पिछले कारोबारी सत्र की तुलना में 1,600 रुपये के बंपर उछाल के साथ 1,45,000 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। अब यह देखना होगा कि दशहरा के दिन सोना और चांदी किस स्तर पर रहते हैं।

दिवाली तक 1.22 लाख के पार जाएगा सोना

सराफा व्यापारियों के अनुसार जिस तरीके से मार्केट में सोना और चांदी के भाव में तेजी आई है। ऐसी स्थिति आज तक नहीं बनी। सोना और चांदी के भाव में दिवाली के पहले मार्केट में और भी ज्यादा उछाल आएगा जिसके चलते दिवाली तक इनकी कीमत अचानक से बढ़ेगी। सोने की कीमत 1,22,000 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1,60,000 रुपए किलो तक देखने को मिल सकती हैं। हालांकि इस दौरान ट्रंप का टैरिफ या अन्य कारणों से भाव कम होते हैं तो 2,000 से लेकर 3,000 रुपए तक का अंतर भाव में जरूर देखा जा सकता है लेकिन सोना और चांदी के दाम बढ़ना तय है।

दाम के कम होने की उम्मीद नहीं

सोना-चांदी के भाव बढ़ते और घटते रहते हैं लेकिन जिस तरीके से वर्तमान में इनके भाव प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं, ऐसा कभी देखने को नहीं मिला। पहले मामूली 200 से लेकर 300 रुपए तक की बढ़ोतरी देखने को मिलती थी लेकिन अब रोज 1,000 से 2,500 रुपए तक सोने और चांदी के दाम उछल रहे हैं जिससे मार्केट भी प्रभावित हुआ है। अब उम्मीद न के बराबर ही है कि आने वाले समय में सोना-चांदी के दाम कम होंगे।

कीमतों पर एक नजर

तारीख सोना (रुपए/10 ग्राम) चांदी (रुपए/किलो)
23 सितंबर 1,12,000 1,32,800
24 सितंबर 1,14,500 1,36,300
25 सितंबर 1,14,000 1,35,700
26 सितंबर 1,13,800 1,38,200
27 सितंबर 1,14,100 1,43,400
29 सितंबर 1,15,500 1,45,000

अभी खरीदी करना होगी समझदारी

सराफा व्यापारी बताते हैं कि ग्राहकों को अभी ही सोना और चांदी खरीद लेना चाहिए क्योंकि आने वाले समय में सोने और चांदी के दाम सातवें आसमान पर पहुंच जाएंगे। इस ट्रेड में एक पुरानी कहावत भी है कि सोना-चांदी लेकर पछताओ, न लेकर पछताने से अच्छा है। ट्रंप का टैरिफ और दूसरा अंतरराष्ट्रीय बैंक द्वारा सोने की खरीदी करने के चलते दाम बढ़ते जा रहे हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com